अमरीका के अपराध नाज़ियों से भी बदतर हैं, अमरीका के पूर्व सैन्य अधिकारी ने सुनाई दिल दहला देने वाली दास्तान
अमरीकी वायु सेना के ड्रोन विमानों को ऑपरेट करने वाले एक अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है और अमरीका के कुछ जघन्य अपराधों से पर्दा उठाया है।एक समय था जब ब्रेंडन ब्रायंट अमरीकी वायु सेना के ड्रोन विमानों को ऑपरेट किया करते थे, लेकिन एक दिन उनका विवेक जाग उठा और उन्होंने इन अपराधों में भागीदारी से तौबा कर ली।
अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी ड्रोन अभियानों के बारे में द इंडीपेंडेंट से बात करते हुए ब्रायंट ने अमरीकी सेना के अपराधों को हिटलर की नाज़ी सेना के अपराधों से भी बदतर क़रार दिया।

उन्होंने 6 वर्षों तक अमरीकी सेना के लिए काम किया और इस दौरान लास-वेगास से ड्रोन विमानों को गाइड करने की ज़िम्मेदारी संभाली।
ब्रायंट से जब अपने पद से इस्तीफ़ा देने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहाः एक अभियान के तहत अफ़ग़ानिस्तान में जब मैं ड्रोन विमान से एक घर पर मिसाइल दाग़ने वाला ही था, तो मैंने इस घर से एक छोटे से बच्चे को बाहर निकलते हुए देखा। तुरंत मैंने अपने उच्च अधिकारियों को इस घटना की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने आदेश दिया कि अभियान को आगे बढ़ाया जाए और उस घर को मिसाइल फ़ायर करके नष्ट कर दिया जाए।
उच्च अधिकारी ने ब्रायंट से आगे कहाः जो कुछ तुमने देखा है, वह एक कुत्ते के बच्चे से ज़्यादा कुछ नहीं है, टारगेट को मिसाइल फ़ायर करके तबाह कर दो।
ब्रायंट ने जब यह सुना तो उन्हें बहुत अफ़सोस हुआ और उन्होंने उसी समय अपने पद से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला कर लिया।
उनका कहना है कि अमरीकी सेना के लिए काम करते हुए सीधे तौर पर कम से कम 13 लोगों की हत्या में उनकी भूमिका रही है। इसके अलावा उनकी टीम ने 1626 टारगेट नष्ट किए हैं।
ब्रायंट का कहना था कि जब भी मैं ट्रिगर दबाता था, मुझे अपराध बोध होता था कि मैं एक हत्यारा बनता जा रहा हूं।
उन्होंने बताया कि अमरीकी सेना के इन अपराधों से पर्दा उठाने की उन्हें और उनके परिवार को भारी क़ीमत चुकानी पड़ रही है और आए दिन धमकियां मिल रही हैं।
ग़ौरतलब है कि 3 जनवरी को बग़दाद एयरपोर्ट के निकट अमरीकी ड्रोन विमानों ने ईरानी कमांडर मेजर जनरल क़ासिम सुलेमानी की कारों के क़ाफ़िले पर मिसाइल फ़ायर करके जनरल सुलेमानी, इराक़ी कमांडर अबू मेहदी अल-मोहंदिस और उनके 8 साथियों को शहीद कर दिया था।

