बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा में सिद्धौर ब्लाक क्षेत्र के अंतर्गत तय किए गए 10 परीक्षा केंद्रों पर क्षेत्र के 230 परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षकों में लगेगी। इसकी सूची बीईओ द्वारा तैयार कर डीआईओएस को भेजी गई। इन शिक्षकों की ड्यूटी से परिषदीय विद्यालयों की शिक्षण व्यवस्था को लेकर अधिकारी हलकान है। 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा में सिद्धौर ब्लाक क्षेत्र के 233 माध्यमिक व पूर्व माध्यमिक परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 758 अध्यापकों में से 230 अध्यापकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों के रूप में लगाई जानी है। इन अध्यापकों की ड्यूटी ब्लॉक क्षेत्र के 10 केंद्रों अलग अलग है। केंद्रों में आदर्श इंटर कॉलेज सिद्धौर, बाल विकास विद्या मंदिर कोठी, राम अभिलाष स्मारक जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नसीपुर, बाल विकास बालिका इंटर कालेज नई सड़क, बीएलवी सिद्धौर, आदर्श इंटर कॉलेज उस्मानपुर, सर्वोदय इंटर कॉलेज न्यौछना, सर्वोदय इंटर कॉलेज नसीपुर व सतगुरु इंटर कॉलेज सेमरावां शामिल है। इस संबंध में बीईओ आरके सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में मांग के अनुसार 230 अध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। जो ब्लॉक क्षेत्र में ही अलग-अलग विद्यालयों पर तैनात रहेंगे।
संग्राम सिंह रावत संवाददाता ब्लाक सिद्धौर

