मौसम ने बदली करवट, बढ़ी ठंड से जनजीवन हुआ बेहाल

सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

बाराबंकी। साल 2023 के आगाज के साथ ही ठंडक ने भी पांव पसार दिये हैं। मंगलवार को सूर्य देव के दर्शन न होने से लोग अलावों के इर्द-गिर्द ही जुटे दिखाई दिये। ठंड का वर्तमान समय में आलम यह है कि, कार्यालयों में टंकण और लेखन आदि का कार्य करने वालों को भी आग की तलाश बनी हुई दिखाई दी। गलन के चलते लोग घरों से भी निकलने में संकोच करते दिखाई दिये। मंगलवार को अचानक बढ़ी गलन से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। घरों से लेकर सड़कों, चौराहों, गलियारों तक में लोग आग तापते नज़र आ रहे थे। नगर के विभिन्न चौराहों पर छोटे-छोटे अलावों के सहारे लोग ठंड से निजात पाने जुटे थे। हालांकि, उनकी यह कोशिश भी सिर्फ आग के सामने बने रहने तक ही कामयाब होती नज़र आ रही थी। इंसानों के साथ पशुओं को भी ठंड ने परेशान कर दिया। चौराहों पर लगे कुछ-एक अलावों में आमजन एवं राहगीरों के साथ चौपाया जानवरों भी उन्हीं के बीच आग सेंकते नजर आये। लेकिन, शहर में रैन बसेरों की स्थिति अभी भी पूर्णतया ठीक नहीं है। नगर के पटेल तिराहा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में प्रशासन द्वारा बनवाये गये रैन बसेरा का आलम भी कुछ ठीक नहीं दिखा। रैन बसेरा में पक्की फर्श पर चार-पांच गद्दे और हल्की रजाइयां दिखीं। चूंकि, फर्श पक्की है, ऐसे में जमीन से गद्दे में ठंडक आना भी लाजमी है। रजाइयों की भी हालत ऐसी है कि, राहगीर रजाई ओढ़ कर खुद को इस बात का एहसास दिला सकते हैं कि, बदन पर रजाई भी है। सोंच की गर्मी से ठंड से निजात पाने की अगर किसी निराश्रि, असहाय, गरीब या निर्बल में हिम्मत है, तब यह रैन बसेरा उसके लिए कारगर साबित हो सकता है। फर्श पर पैरा या पुआल न होने के चलते ठंड लगना भी लाजमी है। अलाव के नाम पर रैन बसेरा के बाहर एक छोटा लकड़ी का गुटका सहारा बना दिखाई दिया। रिक्शावालों के लिए ऐसी ठंड में इस प्रकार के अलाव ही सहारा बन रहे हैं। नगर के पुलिस लाइन्स और स्टेशन रोड के निकट बने चौराहा किनारे कुछ लोग सूखे पत्ते और कूड़े का अलाव बनाकर आग सेंकते नज़र आये। कोहरे की चादर भी दिन भर बनी रही। ऐसी हांड़कंपाऊ ठंड से लोग घरों से लेकर बाहर तक परेशान दिखे। निन्दूरा प्रतिनिधि के अनुसार, गलन भरी कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। लेकिन, निंदूरा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा अलाव नहीं जलवाए गए हैं। कड़ाके की ठंड ने मजदूरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को सुबह से घना कोहरा और बादल छाए रहे। दैनिक काम से बाहर निकले लोगों और राजधानी नौकरी करने जाने वाले लोगों को क्षेत्र के चौराहों कुर्सी, टिकैतगंज, बाबागंज व अन्य जगहों पर अलाव की जरूरत महसूस हुई। पारा गिरने के चलते आम लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। सुबह से ही सर्द हवाएं चलने की वजह से कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है। जिसके चलते बच्चों से लेकर बुजुर्गाे तक सभी का हाल बेहाल है। लेकिन, प्रशासनिक स्तर पर अब तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इस संबंध में एसडीएम फतेहपुर ने बताया कि, ज्यादातर जगह अलाव जलवा दिए गए हैं। लेकिन, अगर कहीं अलाव नहीं जल रहे हैं तो वहां भी व्यवस्था की जा रही है।   सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

 

Don`t copy text!