अफ़ग़ानिस्तान में ईरान के दूतावास ने बयान जारी करके शहीद “अब्दुल अली मज़ारी” की याद में मनाए जाने वाले कार्यक्रम में किये गए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।शुक्रवार 6 मार्च को काबुल में स्थित ईरान के दूतावास की ओर से जारी किये गए बयान में शहीद अब्दुल अली मज़ारी की याद में आयोजित कार्यक्रम में की गई आतंकवादी कार्यवाही की भर्त्सना की गई जिसमे कई निर्दोष आम लोग हताहत और घायल हुए हैं।ईरान ने अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और राष्ट्र के साथ इस संबन्ध में सहानुभूति प्रकट की है। इस बयान में शहीद अली मज़ारी के परिजनों के साथ भी हमदर्दी जताई गई है। बयान के अनुसार इस प्रकार की घिनावनी आतंकी घटनाएं अफ़ग़ानिस्तान की जनता की एकता को प्रभावित नहीं कर सकतीं। ज्ञात रहे कि शुक्रवार 6 मार्च को काबुल में अफ़ग़ानिस्तान के “हिज़्बे वहदत” दल के संस्थापक शहीद अब्दुल अली मज़ारी की याद में आयोजित कार्यक्रम में कुछ अज्ञात सशस्त्र लोगों ने हमला किया जिसके परिणाम स्वरूप कम से कम 27 लोग मारे गए और 55 अन्य घायल हो गए। इससे पहले अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति मुहम्मद अशरफ़ ग़नी के प्रवक्ता सदीक़ सदीक़ी ने बताया है कि राष्ट्रपति ने शहीद अब्दुल अली मज़ारी की याद में मनाए जाने वाले कार्यक्रम में किये गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस हमले को मानवता के विरुद्ध हमला बताया है। इस कार्यक्रम में अफ़ग़ानिस्तान के चीफ़ एग्ज़ेक्टिव अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह भी मौजूद थे जो इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए। समारोह में अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह तथा अन्य महत्वपूर्ण हस्तियां मौजूद थीं लेकिन उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुंचा।
उल्लेखनीय है कि लगभग 25 वर्ष पहले तालेबान ने “हिज़्बे वहदत” दल के संस्थापक अब्दुल अली मज़ारी को शहीद कर दिया था। इसस पहले भी उनकी याद में मनाए जाने वाले कार्यक्रम में हमले हुए हैं।
Related Posts

