इराक़ की सेना और इस देश की राजनैतिक और धार्मिक हस्तियों ने स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी के ठिकाने पर अमरीका के हमले की कड़े शब्दों में निंदा की।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ की सेना ने एक बयान जारी करके इराक़ के सलाहुद्दीन, बाबिल, बसरा, कर्बला और वासित प्रांतों में इराक़ी स्वयं सेवी बलों के कई ठिकानों पर अमरीकी युद्धक विमानों की बमबारी के हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।
उधर इराक़ी हिज़्बुल्लाह के प्रवक्ता मुहम्मद मुहयी ने कहा कि अमरीका विभिन्न बहानों से इराक़ में अपनी सैन्य उपस्थिति जारी रखने के प्रयास में हैं। दूसरी ओर इराक़ की विभिन्न हस्तियों ने भी स्वयं सेवी बलों के केन्द्र पर अमरीकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि वाशिंग्टन, इराक़ में सैन्य विद्रोह कराने के प्रयास में है।
ज्ञात रहे कि अमरीकी युद्धक विमानों ने गुरुवार की रात इराक़ के सलाहुद्दीन, बाबिल, बसरा, कर्बला और वासित प्रांतों में इराक़ी स्वयं सेवी बलों के कई ठिकानों पर हमले कए जिसमें तीन लोग शहीद और 7 अन्य घायल हुए। सूत्रों का कहना है कि हमले के बाद भी अमरीकी युद्धक विमान उड़ानें भरते रहे।