मसौली बाराबंकी। गंगा इंफाटेक एन्ड विल्डर कम्पनी के तत्वाधान मे ग्राम पंचायत रसौली मे दो दिवसीय विराट कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दंगल का उद्घाटन हनुमान गढ़ी अयोध्या के महन्त श्री श्री 1008 बलरामदास ने फीता काटकर किया। दंगल के पहले दिन अयोध्या के नागेंद्र दास ने राजस्थान के पहलवान जीत को हराकर मुकाबला जीता जबकि स्पर्धा में दो दर्जन मुकाबले हुए।
पहले दिन दंगल प्रतियोगिता में नेपाल, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, बनारस, अयोध्या, गोरखपुर, देहरादून, बिहार के पहलवानों ने दाव आजमाए। मुकाबले में महिला पहलवानों ने भी दांव आजमाइश की। पहला मुकाबला अयोध्या के पहलवान नागेंद्र दास व राजस्थान के जीत के बीच दस मिनट की कुश्ती हुई जिसमें अयोध्या के नागेंद्र दास ने राजस्थान के पहलवान जीत को धोबी पछाड़ दाव से आसमान दिखाया।
दूसरा मुकाबला बग्गा पहलवान व शैतान सिंह के बीच हुआ जिसमे बग्गा पहलवान ने शैतान सिंह को चित कर दिया। महिला कुश्ती मे रायबरेली की रौशनी ने कानपुर की रचना को पछाड़ दिया। दूसरे दिन के दंगल मे अयोध्या के नागेंद्र ने राजस्थान के अमित पहलवान को चित किया तो दिल्ली के पहलवान मनोज ने उत्तराखण्ड के संदीप को हराया। दंगल की सबसे रोमांचक कुस्ती अयोध्या के सौरभ दास व राजस्थान के शैतान सिंह के बीच हुई। जिसमें हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत बलराम दास ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाया। और 31 हजार इनाम की घोषणा की। जिसमें सौरभ दास ने शैतान सिंह को चित कर दिया। महंत बलराम दास ने अपने शिष्य सौरभ दास को ईनाम की राशि देकर सम्मानित किया।
महिला कुश्ती मे रायबरेली की महिला पहलवान रौशनी का दबदबा रहा जिन्होंने रचना कानपुर सहित कई महिला पहलवानो को पटखनी दी। कानपुर की दीक्षा पहलवान ने शवती पहलवान को चित किया। मुख्य अतिथि महंत बलराज दास महाराज ने कहा कि कुश्ती खेल देश की प्राचीन खेल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय युवाओं में देशी खेल कुश्ती के प्रति रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से दंगल प्रतियोगिता का आयोजन बहुत जरूरी है।

