पिता ने अपने बड़े लड़के पर लगाए गंभीर आरोप

अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता बाराबंकी

मसौली बाराबंकी । पिता ने अपने बड़े लड़के पर मारने पीटने और जबरन मकान व खेत पर कब्जा करने की कोशिश करने तथा थाने मे पुलिस द्वारा धमकाकर जबरदस्ती सुलहनामा लिखाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामला थाना सफदरगंज अन्तर्गत ग्राम प्यारेपुर का है । ग्राम के निवासी लक्ष्मी नारायण गुप्ता अपने छोटे लड़के अमित के साथ रहते है । बड़ा पुत्र जीवन लाल अपनी ससुराल सैदनपुर मे रहता है । पिता लक्ष्मी नारायण के अनुसार उसके बड़े लड़के का चाल-चलन ठीक नहीं है । वह अपने ससुर सन्तोष की शह पर उसके साथ गाली-गलौज करता है । जान से मार डालने की धमकी देता है तथा मारता पीटता है और उसके खेत व मकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करता है । जिसकी शिकायत उन्होने 3-11-2023 को पुलिस अधीक्षक महोदय से जरिये रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थनापत्र प्रेषित करके कार्रवाई की मांग की थी ।

सफदरगंज पुलिस ने उक्त मामले मे दोनो पक्षों को थाने पर बुलाया । आरोप है कि दरोगा श्री नाथ यादव और सिपाही हरिकांत ने लक्ष्मी नारायण गुप्ता को थाने मे जाबेजा गालियां दीं तथा जबरन सुलहनामा लिखवा दिया ।
उल्लेखनीय है कि इसी प्रकरण मे लक्ष्मी नारायण के बड़े पुत्र जीवन लाल ने अपने पिता के विरूद्ध दीवानी न्यायालय मे मुकदमा भी दायर कर रखा है तथा अब पुलिस से साठ-गांठ करके अपने पिता के मकान और खेत पर जबरन काबिज होने की कोशिश कर रहा है ।

Don`t copy text!