सामुदायिक शौचालयों पर नगर पंचायत सफ़ाई कर्मियों का कब्जा
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता एसएम न्युज24 टाइम्स बाराबंकी
बाराबंकी । नगर पंचायत जैदपुर नगर मोहल्ला वासियों को खुले में शौच से मुक्त करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया था लेकिन अब इन शौचालयों की हालत बदहाल हो गई है। वार्ड वासी नगर में पंचायत घर के पास बने सामुदायिक शौचालयों पर नगर पंचायत सफ़ाई कर्मियों का कब्जा है, शौचालय केवल सफ़ाई कर्मियों द्वारा ही इस्तेमाल किए जाते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफ़ाई कर्मी शौचालय का ताला लगाकर चले जाते हैं, और अगर कोई शौचालय की चाबी मांगने जाता है, तो उनसे लड़ाई-झगड़ा किया जाता है। मोहल्ले के लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिशासी अधिकारी से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
बताते हैं कि नगर पंचायत के जमादार के पास शौचालय की चाबी रहती है, लेकिन उन्हें किसी अन्य व्यक्ति को चाबी नहीं दी जाती है। इस कारण महिलाएं और बुजुर्ग लोग खुले में शौच करने के लिए मजबूर हो रहे हैं, जिससे स्वच्छ भारत मिशन के दावे की पोल खुल रही है।
शौचालयों का निर्माण लाखों रुपये खर्च करके किया गया था, लेकिन जब इन्हें सही से उपयोग में नहीं लाया जा रहा है तो ऐसे शौचालयों का क्या मतलब? मोहल्ले के लोग सरकारी अस्पताल के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय के बारे में बताते हैं कि यह शौचालय पिछले दो साल से ताला लगा हुआ है, और लोगों को शौचालय का कोई उपयोग नहीं मिल रहा है। लोग अब झाड़ियों या सूनसान जगहों की ओर भागते नजर आते हैं।
मोहल्ले के लोग अरमान, गुफरान, रेशमा, मरजीना, नसीमुन, वेश, अब्दुल, नसरुद्दीन आदि ने बताया कि यदि जल्द ही शौचालय नहीं चालू कराया गया तो वे मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करेंगे।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अधिशासी अधिकारी आलोक वर्मा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जल्द ही शौचालय को चालू करा दिया जाएगा।
अवधेश कुमार वर्मा संवाददाता एसएम न्युज24 टाइम्स बाराबंकी

