जितनी जल्दी हो सके इराक़, दाइश की बुराई से सुरक्षित हो जाएः मूसवी
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि इराक़ की शांति एवं स्थिरता को अस्थिर करने का हर प्रयास निंदनीय है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने दाइश के हाथों इराक़ के स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के प्रतिरोधकर्ताओं की शहादत पर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि इन रोज़ेदार प्रतिरोधकर्ताओं की शहादत दाइश की कायरतापूर्ण कार्यवाही का परिणाम है। अब्बास मूसवी ने कहा कि इराक़ द्वारा इस देश में शांति एवं स्थिरता को सुदृढ़ करने और आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष का, इस्लामी गणतंत्र ईरान समर्थन करता है। उन्होंने इराक़ी राष्ट्र और वहां की सरकार के साथ सहानुभूति व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की है कि यह देश यथाशीघ्र, दाइश जैसे आतंकवादी गुट की दुष्टता से सुरक्षित हो जाए।उल्लेखनीय है कि कुछ सरकारों का समर्थन प्राप्त आतंकवादी गुट दाइश ने शनिवार की सुबह उत्तरी सामर्रा में इराक़ के स्वयंसेवी बलों पर हमला कर दिया। दाइश के इस कायराना आक्रमण में हश्दुश्शाबी के 10 सदस्य शहीद हो गए थे जबकि 4 अन्य घायल हुए थे।

