बाराबंकी। रविवार को प्रेस स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी का आनलाइन आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने अपने अपने विचार व्यक्त रखते हुए प्रेस की आजादी के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की। गोष्ठी में राज्य मुख्यालय से प्रकाशित एक सम्मानित अखबार के संपादक यदुनाथ सिंह मुरारी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1993 में तीन मई को विश्व प्रेस दिवस मनाने की घोषणा की थी। जिसका उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता का मूल्यांकन और बाहरी तत्वों के हमले से बचाव, मीडिया की सेवा करते हुए दिवंगत हुए पत्रकारों को श्रद्धांजलि देना है। इसके अलावा प्रेस की आजादी के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना भी विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य है। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार कमलेश चंद्र शर्मा ने कहा कि भारत में प्रेस की स्वतंत्रता भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19 में भारतीयों को दिये गये अभिव्यक्ति की आजादी के मूल अधिकार को सुनिश्चित करती है। उन्होंने बताया कि यूनेस्को द्वारा वर्ष 1997 से तीन मई को गिलेरमो कानो वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम प्राइज दिया जाता है। ये पुरस्कार उस व्यक्ति व उस संस्थान को दिया जाता है। जिसने प्रेस की स्वतंत्रता के लिए उल्लेखनीय कार्य किये हो। समाजसेवी एवं पत्रकार रत्नेश कुमार ने कहा कि मीडिया की आजादी का मतलब है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी राय कायम करने और सार्वजनिक तौर पर इसे जाहिर करने का अधिकार है। वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश मौर्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि लोगों का एक बहुत बड़ा वर्ग पिछड़ा और अनभिज्ञ है इसलिये यह और भी जरूरी है कि आधुनिक विचार उन तक पहुंचाए जाएं और उनका पिछड़ापन दूर किया जाए, ताकि वे सजग भारत का हिस्सा बन सकें। गोष्ठी के समापन में आमिर अली ने कहा भारत जैसे विकासशील देशों में मीडिया पर जातिवाद और सम्प्रदायवाद जैसे संकुचित विचारों के खिलाफ संघर्ष करने और गरीबी तथा अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ाई में लोगों की सहायता करने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। इस विचार गोष्ठी में पंकज राना, कपिल यादव, अलीम शेख, राकेश श्रीवास्तव, फैज अहमद आदि ने पत्रकारों के हक की बात कही।
,
लोकतन्त्र सेनानियों ने दी 60 हजार की सहायता चेक
बाराबंकी। कोरोना महामारी (कोविड-19)को रोकने व जरूरी चिकित्सा उपकरण के लिये जिले के लोकतंत्र सेनानियों ने भी सहायता के लिये अपने कदम आगे बढ़ाए और मुख्यमंत्री राहत कोष के लिये जिलाधिकारी कार्यालय को 60 हजार की चेक भेट की।लोकतन्त्र रक्षक सेनानी कल्याण परिषद के जिला महासचिव व अधिवक्ता सुशील वर्मा ने बताया कि आज जिला अध्यक्ष राममिलन मिश्र की उपस्थिति में लोकतन्त्र रक्षक सेनानी राजाराम पाल ,प्रेम सिंह, बिहारी लाल व सोहन लाल द्वारा कोरोना इलाज व उपकरण खरीद में सहायतार्थ साठ हजार रुपए की चेक अपर जिलाधिकारी बाराबंकी को प्रदान की गयी।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी

