इस्लामनगर,बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें एक बाइक का चालान करना था लेकिन गलत नंबर नोट होने की वजह से दूसरी बाइक का चालान काट दिया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस को मोटरसाइकिल UP24AU1054 का चालान काटना था, लेकिन त्रुटिवश चालान UP24AU1064 नंबर की गाड़ी पर कर दिया गया। इस गलती के कारण ₹1000 का चालान गलत वाहन मालिक पर थोप दिया गया है।
गलत चालान से वाहन मालिक ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह बिना किसी गलती के दंडित किया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि न तो उसे मौके पर कोई जानकारी दी गई और न ही कारण स्पष्ट किया गया। वाहन मालिक का कहना है कि चालान गलत तरीके से दर्ज होने के बावजूद सुधार नहीं किया जा रहा है, जिससे उसे मानसिक और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की गलतियों से आम जनता को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और ट्रैफिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते हैं। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई है और चालान को निरस्त करते हुए वास्तविक वाहन पर कार्रवाई की मांग की है।
फ़िलहाल विभागीय प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

