सहसवान,बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहबाजपुर में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। 32 वर्षीय युवक अरविंद पुत्र गोवर्धन ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे परिवार के लोगों ने युवक को कमरे में फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सीएचसी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार अभी तक परिवार की तरफ से कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। वहीं मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
कोतवाल नरेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

