बाराबंकी। गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट के तत्वावधान में शनिवार को गांधी भवन में काकोरी कांड के शहीदों का स्मृति दिवस मनाया गया। इसमें शहीद रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी व रोशन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। स्मृति सभा को संबोधित करते हुए समाजसेवी जमील उर रहमान ने कहा कि काकोरी की घटना ने ब्रिटिश साम्राज्यवादियों की नींव हिला दी थी। शहीदों ने देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाई थी। उन शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में आ रही गिरावट को रोका जा सकता है। समारोह की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने की। राजनाथ ने बताया कि 9 अगस्त 1925 को उत्तर प्रदेश के काकोरी स्टेशन के नजदीक रेलगाड़ी से सरकारी खजाना लूटने के केस में इन चारों क्रांतिकारियों को फांसी की सजा हुई थी। 19 दिसंबर, 1927 को रामप्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर, रोशन सिंह को इलाहाबाद, राजेन्द्र नाथ लाहड़ी को गोण्डा, अशफाक उल्ला खां को फैजाबाद जेल में फांसी दी गई थी। सभा में उपस्थित मृत्युंजय शर्मा, सत्यवान वर्मा, विनय कुमार सिंह, सितवत अली, पाटेश्वरी प्रसाद, आसिफ हुसैन, अभिषेक तिवारी, पी.के सिंह, नीरज दूबे, अशोक जायसवाल ने काकोरी कांड के महान क्रांतिकारियों के अप्रितम शौर्य व शहादत को नमन किया।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

