जुट रही भीड़, कोरोना प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाईं

पत्रकार आशीष सोनी अंबेडकरनग

अंबेडकरनगर। एक तरफ जहां कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना जताई जा रही है, तो वहीं जिला अस्पताल में इसे लेकर पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में मरीज व उनके तीमारदार जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान ओपीडी के साथ-साथ ही सामान्य वार्ड में भीड़ होने के बीच कोरोना प्रोटोकॉल की पूरी तरह धज्जियां उड़ाई गईं। सोशल डिस्टेंसिंग का भी इस दौरान पालन कराने की सुध जिम्मेदारों को नहीं रही। भीड़ में कुछ ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था। इस पर वहां पहुंचे कुछ तीमारदारों ने नाराजगी भी जताई। कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना संक्रमण पर पूरी तरह अंकुश नहीं पाया जा सकेगा।

कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी जरूर आई है, लेकिन संक्रमण की संभावित लहर को देखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकारें लगातार गाइडलाइन जारी कर रही हैं। निर्देशित किया जा रहा है कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सभी जरूरी एहतियात बरतें। सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दिए जाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इन सबके बावजूद जिला अस्पताल में इसे लेकर पूरी तरह से लापरवाही बरती जा रही है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में मरीज व उनके तीमारदार जिला अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा विभिन्न सामान्य वार्डों में भी मरीज को देखने के लिए बड़ी संख्या में तीमारदार पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के बीच कोरोना प्रोटोकॉल को पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया। सोशल डिस्टेंसिंग का इस दौरान तनिक भी पालन नहीं किया गया। और तो और भीड़ में कुछ ऐसे भी लोग शामिल थे, जिन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है। मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित कराने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

बाजारों में भी कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी
बाजारों में मंगलवार को जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य बाजारों में उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रही। जिला मुख्यालय की मुख्य बाजार शहजादपुर के अलावा पुराने तहसील तिराहा, बस स्टेशन क्षेत्र व नई सड़क के साथ ही अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर अन्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही। इस दौरान न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया और न ही अन्य किसी भी प्रकार का एहतियात बरता गया। भीड़ में ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था। ऐसे लोग बेधड़क होकर प्रमुख चौराहों से गुजर रहे थे, लेकिन इनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा बसखारी, जलालपुर, टांडा, भीटी, जहांगीरगंज, रामनगर जैसे प्रमुख बाजारों में भी दिनभर लोगों की भीड़ रही। इस दौरान कहीं भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन होता नजर नहीं आया। सड़कों पर भी इस बीच वाहनों का आवागमन काफी अधिक रहा।
कोरोना प्रोटोकॉल का कराया जा रहा पालन
कोरोना संक्रमण के नए मामले कम जरूर हुए हैं, लेकिन अभी समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में एहतियात अत्यंत जरूरी है। कोरोना संक्रमण को जड़ से समाप्त करने व कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन कराया जाएगा। यदि किसी ने इसका उल्लंघन करने की कोशिश की, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
पत्रकार आशीष सोनी अंबेडकरनगर

Don`t copy text!