भारतीय राजनीति में जार्ज लोकतान्त्रिक व्यक्ति थे: राजनाथ पुण्यतिथि पर दी गई पूर्व रक्षा मंत्री को श्रद्धांजलि

संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट

बाराबंकी। जॉर्ज सही मायनों में एक जन नेता थे। हिन्दुस्तान ही नही बल्कि इस पूरे उपमहाद्वीप का प्रतिनिधित्व करते थे। भारत सरकार ने ऐसी शख्सियत को पद्म विभूषण देने की सिफारिश की है। जबकि उन्हें भारत रत्न दिया जाना चाहिए। यह बात गांधी भवन में पूर्व रक्षामंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता स्व जॉर्ज फर्नांडिस की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता कर रहे दिल्ली से आए समाजवादी चिंतक रिजवान रजा ने कही। इस मौके पर स्व जॉर्ज फर्नांडिस के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। श्री रजा ने कहा कि जार्ज का जीवन अद्भुत था। मंगलोर मे एक ईसाई परिवार में पैदा हुए। और मुम्बई जाकर मजदूरों का फायर ब्रान्ड नेता बने। फिर बिहार के पिछड़े इलाको से चुनाव लड़े। मुस्लिम महिला से विवाह किया। उन्होंने लोकतंत्र को जिन्दा रखने के लिए लगातार अपनी जान जोखिम मे डाली। यही नही तिब्बत की लड़ाई भी उसी मजबूती से लड़े जैसे बिहार में दलितों, शोषितों और पिछड़ों को न्याय दिलाने के लिए लड़ी। उन्होंने बर्मा में लोकतंत्र बहाली की लड़ाई लड़ी। सही मायने में जार्ज का जाना आम आदमी के हकों के लिए सड़क से संसद तक जूझने वाली एक पूरी सदी का अंत है। जॉर्ज फर्नांडिस के साथी रहे समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने कहा कि भारतीय राजनीति में जार्ज लोकतान्त्रिक व्यक्ति थे। उनका जाना भारत की राजनीति से साफगोई, सादगी और किसी तानाशाह से अकेले जूझने की अतुलनीय हिम्मत का अंत है। मैंने राजनीति में विरले ही व्यक्ति देखे हैं जो जॉर्ज जैसे सहज हों। जॉर्ज के जाने के साथ ही जमीन से जुड़ी राजनीति के एक भरे पूरे अध्याय का पटाक्षेप हो गया। जॉर्ज साहब शोषित और वंचित तबके के हक में राजनीति की विशाल करवट का नाम थे। इस देश की राजनीति जब भी ऐसी कोई करवट लेगी, जॉर्ज बहुत याद आएंगे। सभा का संचालन पाटेश्वरी प्रसाद ने किया। इस मौके पर प्रमुख रूप से मृत्युंजय शर्मा, वीरेंद्र सिंह पप्पू, रंजय शर्मा, विनय कुमार सिंह, नीरज दुबे, सत्यवान वर्मा, साकेत मौर्य, मो शमीम, विनय कुमार सिंह, मनीष सिंह, संतोष शुक्ला, अशोक शुक्ला, रवि प्रताप सिंह, विजय कुमार सिंह ‘मुन्ना’, भागीरथ गौतम, विनोद भारती, ज्ञान तिवारी, शिवा शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट 

Don`t copy text!