युवक ने पहले मोबाइल पर बनाई थी वीडियो, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दे दी, जान

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने हरिओम के पिता महावीर सिंह की तहरीर पर ससुर चरन सिंह, सास अनीता, पत्नी सुमन और साले यश के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक के सुसाइड नोट के अलावा अब तीन वीडियो भी सामने आए हैं। रेलवे ट्रैक पर ही बैठकर बनाई गई इन तीनों वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी, सास-ससुर आदि को ठहराया है। युवक कह रहा है कि उसके ससुराल वाले शादी से पहले और बाद में भी परेशान करते रहे। उससे पंद्रह लाख रुपये ले लिए लेकिन उसकी पत्नी को नहीं भेजा। इससे वह आत्महत्या करने जा रहा है। युवक के पिता ने उसकी पत्नी और सास-ससुर समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना 17 जून की है। उस दिन कस्बा उसहैत निवासी हरिओम पुत्र महावीर सिंह ने बिनावर थाना क्षेत्र के मलगांव रेलवे फाटक के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। मौके पर उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला था। उसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी, तो वहीं परिवार वालों ने पोस्टमार्टम के बाद उसके शव का अंतिम संस्कार किया था। घटना वाले दिन रेलवे लाइन किनारे उसकी बाइक खड़ी मिली थी लेकिन उस वक्त उसकी तलाशी नहीं ली गई थी। रविवार को परिवार वालों ने जब उसकी बाइक देखी तो उसके बैग में हरिओम का मोबाइल पड़ा मिला। उसके मोबाइल में तीन वीडियो मिलीं। उनमें युवक कह रहा है कि वह मरने जा रहा है। इसकी वजह भी बहुत बड़ी है। उसके सास-ससुर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। उसके परिवार वालों को धमका रहे हैं। हमने पत्नी सुमन को राजी खु्शी विदा किया था लेकिन ससुराल वालों ने उसे दोबारा नहीं भेजा। वह कई बार उसे बुलाने गया लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। उसे धमकी दी गई कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा देंगे। पूरे परिवार को जेल भिजवा देंगे। उन्होंने पंद्रह लाख रुपये मांगे, मैंने लोगों से कर्ज लेकर रुपये दिए। इसके बावजूद उन्होंने पत्नी को नहीं भेजा। युवक दूसरे वीडियो में कह रहा है उसके मां-बाप बहुत सीधे हैं। उनकी समाज में इज्जत है लेकिन उसके ससुराल वालों ने उन्हें बदनाम करने का काम किया है। वह यह सब सह नहीं पाएगा। इसलिए आत्महत्या करने जा रहा है। मेरा सरकार से निवेदन है कि इसमें ससुराल के सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। मैंने जो रुपये दिए हैं, उन्हें वापस करवाकर मेरे माता-पिता को दिलवाए जाएं। वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने हरिओम के पिता महावीर सिंह की तहरीर पर उसके ससुर चरन सिंह, सास अनीता, पत्नी सुमन और साले यश के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
आत्महत्या से पूर्व हरिओम ने एक वीडियो में महिलाओं के लिए बनाए गए कानून पर सवाल उठाए हैं। युवक ने कहा है कि सरकार ने महिलाओं के लिए तमाम कानून बनाए हैं। चाहे दहेज उत्पीड़न का मामला हो या फिर अन्य मामले, लेकिन उनसे ज्यादा युवा पीड़ित हैं। युवाओं का भी झूठे मामले दर्ज करवाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। युवक आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को कानून में सुधार लाना चाहिए। जो दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!