14 जुलाई से सड़कों पर गूंजेगा बम-बम का उद्घोष, रूटमैप समेत डायवर्जन चार्ट तैयार करने में जुटे पुलिस अफसर। कांवड़ियों की सहूलियतों पर फोकस
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूं। 14 जुलाई से हाईवे से लेकर सड़कों तक बोल बम का उद्घोष गूंजेगा। कोरोना काल के बाद पाबंदियां कम होने के साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। एडीजी बरेली जोन राजकुमार ने पुलिस को अभी से होमवर्क दिया है। इसके तहत कांवड़ियों का रूटमैप समेत वाहनों के डायवर्जन का चार्ज तैयार करने का निर्देश दिया है। खासकर शिव भक्त कांवड़ियों की सुरक्षा व सहूलियतों पर अफसरों का फोकस है। सावन का महीना करीब आ रहा है। ऐसे में कांवड़ यात्रा भी निकलेगी। बदायूं के भागीरथी घाट कछला से जल लेकर लाखों कांवड़िये अपने मंदिरों को रवाना होंगे और वहां आदि देव भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। बदायूं समेत बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर आदि कई जिलों के कांवड़िये यहां पहुंचने लगेंगे।
आमतौर पर सोमवार को जलाभिषेक ज्यादा होता है। इसके लिए जहां लोकल के कांवड़िये रविवार सुबह कछला को रवाना होते हैं। वहीं दूरस्थ जिलों के शिव भक्त शुक्रवार से ही कछला का रुख कर लेते हैं। ऐसे में जाम व हादसों को टालने के लिए वाहनों का डायवर्जन भी लागू होता है। अधिकारी इस बार भी डायवर्जन चार्ट बनाने में जुटे हैं। पुराने चार्ट का भी अध्ययन किया जा रहा है। ताकि और सुधार हो सके। भीड़ को देखकर डायवर्जन की अवधि को बढ़ाया या घटाया भी जा सकता है। कछला गंगाघाट पर भी व्यवस्थाएं चौकस रखी जाएंगी। अलग से कंट्रोल रूम बनेगा। इसमें पुलिस से लेकर खाद्य विभाग व पॉवर कारपोरेशन के अधिकारी कैंप करेंगे। कछला जाने वाली सड़क को गड्ढा मुक्त करने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की है। जबकि पथ प्रकाश व्यवस्था भी कराई जाएगी। ढाबों पर भोजन की गुणवत्ता भी देखी जाएगी, ताकि किसी कांवड़िये की थाली में दूषित भोजन न आ सके। वहीं घाट पर भी पर्याप्त मात्रा में गोताखोर और फ्लड पीएसी को तैनात रखने को कहा गया है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

