वैज्ञानिक सोच से बच्चों में नवचेतना होती विकसित: भूषण कुमार ‘तोड़-फोड़-जोड़‘ कार्यक्रम में 250 छात्र छात्राओं ने किया प्रतिभाग
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
बाराबंकी। कहीं टीवी को खोलकर उसकी पिक्चर ट्यूब का परीक्षण करते बच्चे, कहीं हीटर की क्रियाविधि को समझते विद्यार्थी और कहीं सीलिंग फैन, लॉक, डिजिटल टॉयज के अंदर की मैकेनिज्म को अनुभव करते हुए छात्र-छात्राएं। यह दृश्य आज जिला विज्ञान क्लब, बाराबंकी द्वारा प्रतिभा शिक्षा निकेतन इण्टर कालेज, नरैनी देवा में नव प्रवर्तन जन-जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित ‘तोड़-फोड़-जोड़‘ कार्यक्रम में देखने को मिला। कार्यक्रम में 10 विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी त्रिपाठी के साथ एजुकेशन ऑफिसर आंचलिक विज्ञान केन्द्र लखनऊ रामकुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी देवा रामनारायण ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी त्रिपाठी ने हाथ की चक्की की गति और पंखे की चलने की गति की दिशा के साथ जोड़कर प्रतिभागी विद्यार्थियों से विज्ञान और नव प्रवर्तन के सम्बन्ध में रोचक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विज्ञान को अपने आस-पास अनुभव करके सीखने की बात भी प्रतिभागियों से कही। विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्द्र कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विज्ञान को आज अपने दैनिक जीवन को चारों तरफ विस्तृत बताया। जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य की सराहना करते हुए बच्चों में जिज्ञासा के विकास हेतु जानकारियां प्रदान की। जिला विज्ञान क्लब समन्वयक आशीष पाठक ने तोड़-फोड़-जोड़ कार्यक्रम की सार्थकता पर जानकारी प्रदान करते हुए विज्ञान को विषय न मानकर एक दृष्टिकोण के रूप में अपनाने की बात बताई। आंचलिक विज्ञान केन्द्र लखनऊ से विशेष रूप से इस कार्यक्रम हेतु आमंत्रित एजुकेशन ऑफिसर रामकुमार के नेतृत्व में तकनीकी विशेषज्ञ अभय कृष्ण मौर्य और अनिल श्रीवास्तव ने विभिन उपकरणों जैसे प्रेस, हीटर, पंखा, टीवी, ताले, इलेक्ट्रॉनिक खिलौने, मेकेनिकल टॉयज आदि को खोल कर उसके भीतर की क्रियाविधि एवं सिद्धान्त को बच्चों को बताए और स्वयं प्रतिभागियों से इन सभी उपकरणों को जोड़ने की गतिविधि भी करवाई। इस अवसर पर वन्दना श्रीवास्तव, बीना देवी, शालिनी जायसवाल, सुनील कुमार,महेन्द्र प्रताप,ब्रह्मा देवी,रश्मि देवी,कीर्ति,प्रीति मौर्य, प्रीतम सिंह , ओम प्रकाश यादव, अभिषेक सिंह राजू यादव सहित अनेक शिक्षक शिक्षिकाएं भी उपस्थित रही।
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

