बदायूं। बिसौली खेत से मजदूरी कर लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक की मौत हो गई। तीन दर्जन से अधिक मजदूर घायल हुए हैं। जिनमें आधा दर्जन से अधिक मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को सीएचसी के अलावा दो निजी नर्सिंग होम पर भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही तहसीलदार अशोक सैनी, सीओ पवन कुमार व कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला मौके पर पहुंच गए। उक्त दर्दनाक हादसा रानैट मोड़ पर हुआ जब ट्रैक्टर ट्राली का पहिया पंचर होने से करीब चार दर्जन मजदूरों से भरी ट्राली खाई में पलट गई। सभी मजदूर नगर की मौर्य कालोनी निवासी रोहताश पुत्र रमेश के गदगांव स्थित खेत से आलू की बिनाई कर लौट रहे थे। ट्रैक्टर ट्राली भी रोहताश की बताई जा रही है जिसे नगर निवासी सुभाष चला रहा था। बताते हैं कि ट्राली एक टायर पंक्चर होने से रानैट मोड़ पर ट्राली नजदीक खाई में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला। तब तक ट्राली के नीचे दबने से मोहल्ला गुलाबबाग निवासी किशोर अजय पुत्र जसवंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस की गाड़ियों और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को आनन फानन में सीएचसी लाया गया। वहीं सूचना पर पहुंचे कई परिजन घायलों को दो निजी अस्पताल ले आए। तहसीलदार अशोक सैनी, सीओ पवन कुमार व कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे में नगर निवासी राजबाला पुत्री राजेश मौर्य(14), सोनू पुत्र चिरंजी, दीपक पुत्र रमेश, मुन्नी बेवा विद्याराम, गांव साहनपुर निवासी निशा पुत्री अवधेश(15), प्रदीप पुत्र ओमकार(16), मनीषा पुत्री ओमकार(14), नारायण दास पुत्र केवल, राजबाला पुत्री राजवीर, अवधेश पुत्र राजवीर, द्रोपदी पुत्री रामचन्द्र, रूचि पुत्री छोटेलाल सहित करीब तीन दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। इनमें आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर बताए जा रहे हैं। ट्राली में सवार थे करीब दो दर्जन बाल मजदूर हादसे के वक्त तकरीबन दो दर्जन बाल मजदूर अन्य मजदूरों के साथ ट्राली में सवार थे। 14 वर्षीय अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक बाल मजदूर घायल हैं। इनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। सवाल यह उठता है कि बाल मजदूरी रोकने की तमाम कवायद के बावजूद नगर व क्षेत्र में यह कुप्रथा क्यों नहीं रुक पा रही है। प्रशासनिक अमले की उदासीनता के चलते तमाम धनाढ्य वर्ग के लोग निजी स्वार्थ में बाल मजदूरी प्रथा को बढ़ावा दे रहे हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984*

