पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त जी का 121वां जयन्ती समारोह गांधी भवन में मनाया गया।
सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270
बाराबंकी। पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त जी का 121वां जयन्ती समारोह गांधी भवन में मनाया गया। वयोवृद्ध समाजसेवी एवं अधिवक्ता अमीर हैदर, गांधीवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा एवं पूर्व विधायक सरवर अली ने चंद्रभानु गुप्त जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट ने किया। सभा की अध्यक्षता कर रहे सी.बी. गुप्ता के सहयोगी रहे वयोवृद्ध समाजसेवी अमीर हैदर ने कहा कि चन्द्रभानु गुप्त को उत्तर प्रदेश के विकास का युग पुरूष कहा जाता है। उन्होंने लखनऊ और गोरखपुर जैसे शहरो को आधुनिक व विकासशील बनाने की पहल की। आज भी लोग सी.बी. गुप्ता जैसे कर्मठ, जुझारू और संघर्षशील जनसेवक को याद करते है। उनकी भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान थी। श्री हैदर ने बताया कि 17 बरस की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन में उतरे चंद्रभानु गुप्त ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिये, साइमन कमीशन का विरोध किया। देश की आज़ादी के लिये वे लगभग 10 बार जेल भी गये। काकोरी काण्ड में शामिल क्रांतिकारियों के वकील थे। जिनको बचाने के लिए गुप्त जी ने अंतिम समय तक प्रयास किया। गुप्ता जी तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वह ऐसे नेता थे जिन्होने देश को मजबूत आधारशिला प्रदान करने के लिये अपने मुख्यमंत्री पद का त्याग कर दिया। गांधीवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री काल के दौरान चंद्रभानु गुप्ता ने सरकारी कार्यालयों मे हिन्दी मे काम करने की प्रथा की शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई मुख्य संस्थाओं की स्थापना करवाई जिनमें मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी, आचार्य नरेंद्र देव स्मृति भवन, बाल विद्या मंदिर, बाल संग्रहालय और रविंद्रालय प्रमुख हैं। चंद्रभानु गुप्ता जी ने हमेशा मैत्री का ही भाव रखा और आवश्यकतानुसार सभी की सहायता करते रहे, चाहे वो विरोधी ही क्यों न हों। पूर्व विधायक सरवर अली ने कहा कि सी.बी. गुप्ता बड़े कद के और मेहनती राजनेता थे। जिनकी कमी पूरे देश को खलती है। जिन्होंने न सिर्फ लखनऊ को संवारा बल्कि उन्होंने लखनऊ को एक नई पहचान दी। सभा का संचालन पाटेश्वरी प्रसाद ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से विनय कुमार सिंह, मृत्युंजय शर्मा, साकेत संत मौर्य, सत्यवान वर्मा, राजवीर सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, शशी यादव, राजेश यादव, जलाल नईम खान, तौफीक अहमद, नीरज दूबे, राजू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

