यमनी सेना ने अलजौफ़ और मआरिब में सऊदी अरब के बढ़ते क़दम रोक दिए
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
यमन की सेना और स्वयं सेवी बलों ने कहा है कि मआरिब और अलजौफ़ प्रांतों में सऊदी गठबंधन के एजेन्टों को बड़ी संख्या में मारा गया जिसके बाद उनकी प्रगति रुक गयी है।
आईआरआईबी की रिपोर्ट के अनुसार यमन की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता यहिया सरी का कहना है कि अलजौफ़ प्रांत के क्षेत्र ख़बा शअफ़ और मआरिब प्रांत के सरवाह में सऊदी हमलावरों की प्रगति को रोकते हुए उन्हें एक बार फिर पराजित कर दिया गया है।
यमन की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता ने कहा कि इन झड़पों में सऊदी गठबंधन के सैनिकों को काफ़ी जानी व माली नुक़सान उठाना पड़ा है।
इसी मध्य सऊदी गठबंधन के युद्धक विमानों ने अलजौफ़ और मआरिब प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों पर हमला करते हुए 7 बार इन क्षेत्रों पर बमबारी की।
सऊदी गठबंधन ने गरुवार को यमन में दो सप्ताह के लिए युद्ध विराम की घोषणा की थी किन्तु इसके बावजूद यमन पर उसके पाश्विक हमलों का क्रम यथावत जारी है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2015 से सऊदी अरब के नेतृत्व वाला गठबंधन यमन के विरुद्ध हमले करता आ रहा है जिसमें बड़ी संख्या में आम लोग मारे जा चुके हैं और इससे यमन की जनता को तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संयुक्त राष्ट्र संघ सहित लगभग सभी अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों द्वारा यमन में दी जा रही मानव त्रासदी की चेतावनी के बावजूद सऊदी अरब अपने कुछ अरब देशों की सहायता और अमेरिका एवं इस्राईल की मदद से यमन पर हर दिन बमबारी कर रहा है।
दिसम्बर 2018 को स्वीडन के स्टाकहोम शहर में यमनी पक्षों के बीच अलहुदैदा में संघर्ष विराम पर सहमति हुई थी लेकिन सऊदी अरब और उसके घटकों की ओर से निरंतर उल्लंघनों के कारण संघर्ष विराम की सभी कोशिशें विफल हो चुकी हैं।

