बाराबंकी।जनपद बाराबंकी के कस्बा बांशा की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और क्षेत्र में प्रभावशाली चेहरा रहे डॉ. इब्राहिम मलिक ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके इस कदम से क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
शुक्रवार को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ग्राम भयारा पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसी बैठक के दौरान डॉ. इब्राहिम मलिक ने अपने समर्थकों के साथ बसपा की नीतियों और विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली। इस अवसर पर बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पार्टी में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. मालिक के आने से पार्टी को क्षेत्र में नई मजबूती मिलेगी।
डॉ. इब्राहिम मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि बसपा ही वह पार्टी है जो सर्वसमाज को साथ लेकर चलती है और दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक व कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज बनती है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और डॉ. इब्राहिम मालिक के समर्थक मौजूद रहे। समर्थकों में उनके बसपा में शामिल होने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. इब्राहिम मलिक के बसपा में आने से कस्बा बांशा सहित आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी तथा आगामी चुनावी समीकरणों पर इसका असर पड़ सकता है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां “बसपा जिंदाबाद” के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत का स्वागत किया।
- Likes
- Followers
- Subscribers
- Posts
Related Posts

