कोरोना की तीसरी लहर आने से पहले जिले को दो ऑक्सीजन प्लांट मिलने की सौगात होने वाली पूरी
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश
अंबेडकरनगर। कोरोना की तीसरी लहर आने से पहले जिले को दो ऑक्सीजन प्लांट मिलने की सौगात पूरी होने वाली है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट की मशीन आ चुकी है, जबकि टांडा एमसीएच विंग के लिए मशीन शुक्रवार को कोयंबटूर से रवाना हो गई। जून के अंत तक इन दोनों प्लांट से जीवनदायिनी ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। दोनों प्लांट से कुल 1300 लीटर ऑक्सीजन प्रति मिनट प्राप्त की जा सकेगी, जिसका व्यापक लाभ अब न सिर्फ कोविड वरन अन्य जरूरतमंद मरीजों को मिल सकेगा।कोविड की दूसरी लहर से जूझने में ऑक्सीजन की भारी किल्लत का सामना कर चुके जनपदवासियों के लिए राहत की खबर है। दो ऑक्सीजन प्लांट जल्द ही शुरू होने वाले हैं, जबकि दो अन्य ऑक्सीजन प्लांट अगले दो माह में शुरू किए जाने की तैयारी है।फिलहाल राहत की बात यह है कि इसी जून में दो ऑक्सीजन प्लांट की शुरुआत होने वाली है। बताते चलें कि जब ऑक्सीजन संकट को लेकर हाहाकार मचा था, तब केंद्र सरकार ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर को ऑक्सीजन प्लांट की सौगात दी थी। 900 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाले प्लांट के लिए मेडिकल कॉलेज में भवन लगभग तैयार है। यहां जरूरी मशीन भी आ चुकी है। मौजूदा जून के अंत तक मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।इस बीच बड़ी खबर यह है कि टांडा स्थित एमसीएच विंग के लिए ऑक्सीजन प्लांट के लिए मशीन कोयंबटूर से शुक्रवार को टांडा के लिए रवाना हुई। ट्रक से मशीन को सुरक्षित लाया जा रहा है। चार दिन में प्लांट मशीन के यहां पहुंच जाने की उम्मीद है। तैयारी यह है कि 400 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाली मशीन से जून के अंत तक मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू कर दी जाए। इसके साथ ही अकबरपुर में 113, जलालपुर में 113 और भीटी में 113 लीटर प्रति मिनट उत्पादन क्षमता केऑक्सीजन प्लांट भी आगामी दो माह में संचालित कर दिए जाएंगे। इसके लिए संबंधित राजकीय अस्पतालों में जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।कोविड व अन्य मरीजों को मिलेगा लाभ ऑक्सीजन प्लांट स्थापना का लाभ न सिर्फ कोविड संक्रमित मरीजों वरन अन्य गंभीर मरीजों को भी मिल सकेगा। सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष पाठक ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से निपटने में यह कारगर साबित होगा। वरिष्ठ सराफा व्यवसायी वीरेंद्र सेठ का कहना था कि ऑक्सीजन की जरूरत पूरी कर अब तमाम लोगों की जान बचाई जा सकेगी। यह बेहद जरूरी और सराहनीय कदम होगा। कोरोना योद्धा सामाजिक कार्यकर्ता धर्मवीर सिंह बग्गा ने कहा कि ऑक्सीजन के अभाव में मौत देखना सर्वाधिक दुखदायी रहा। अब तीसरी लहर से पार पाने में मदद मिलेगीतेजी से पूरे कराए जा रहे कामबीते दिनों कार्यभार संभालते ही मैंने ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना पर फोकस किया। इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा हुई। नतीजा यह है कि जल्द ही दो प्लांट से ऑक्सीजन की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। अन्य जगहों पर भी स्थापना अन्य दिनों में होगी। मरीजों को इससे काफी लाभ मिलेगा। तेजी से कार्य पूरा कराए जा रहे हैं।
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश

