फतेहपुर बाराबंकी। जब हम कड़ाके की ठंड मे अपने घरों में आराम कर रहे होते है, उस वक्त हमारे देश के सैनिक दुश्मनों की नजरों से हमे बचाते है और इस दौरान वह अपनी जान देने से भी पीछे नही हटते है। हमारे सैनिक ही देश का पराक्रम है, उनके जज्बे के कारण ही आज हम लोग सुरक्षित है। देश की सेवा मे अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए। उक्त विचार निन्दूरा ब्लाक क्षेत्र के बड्डूपुर स्थित बाबू हरनाथ सिंह शिशोदिया विद्यापीठ परिसर में हरनाथ सिंह सेवा संकल्प संस्थान के तत्वाधान में आयोजित शहीद सैनिक सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कुर्सी विधायक साकेंद प्रताप वर्मा ने व्यक्त किये। उन्होने कहा हमारे देश के सैनिको ने अपने विपक्षी देशों को लोहा मनवाकर देश का गौरव बढाने का कार्य किया है। चाहे मौसम की मार हो या दुश्मनों का हमला हमारे वीर सैनिक हर स्थिति से निपटते है, इसलिये हमे वीर शहीदों के बलिदान को याद करना चाहिए। इससे पूर्व विधायक ने विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डा0 आदर्श सिंह के साथ संयुक्त रुप से पुलवामा हमले में शहीद हुए जवान अजीत कुमार आजाद की पत्नी मीना गौतम का सम्मान किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि सैनिक का हमेशा सम्मान करना चाहिए। सैनिक जब सरहद पर देश की रक्षा करते हैं तब यहां हम लोग चैन की नींद सो पाते हैं। मातृभूमि की रक्षा के लिए जान की बाजी लगाने वाले जांबाज सैनिकों के परिवारो को आगे बढ़ाने के लिए सभी को हर स्तर पर सहयोग करना चाहिए। यही शहीदों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान गरीब, असहाय लोगों को संस्थान द्वारा कंबल वितरण भी किया गया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी पंकज सिंह, शिव प्रताप सिंह, मनोज सिंह, डा रामकुमार गिरी, विकास श्रीवास्तव, ए0 के पांडेय सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
Related Posts

