कस्टडी में लेकर निर्दोष 8 युवकों पर बर्बरता उत्पीड़न के दोषी पुलिसकर्मीयों के खिलाफ़ कार्यवाई की मांग
शान्ती देवी अवधेश वर्मा विशेष संवाददाता मसौली जनपद बाराबंकी एसएम न्यूज़ 24 टाइम्स 8707331705
मसौली बाराबंकी। सहारनपुर पुलिस द्वारा कस्टडी में लेकर निर्दोष 8 युवकों पर बर्बरता उत्पीड़न के दोषी पुलिसकर्मीयों के खिलाफ़ कार्यवाई न होने पर अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मो0 गुलजार अंसारी की अगुवाई में राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन सौपा। उल्लेखनीय हो कि 15 जून 2022 को सहारनपुर शहर कोतवाली में 8 मुस्लिम युवकों के बर्बर पुलिस पिटाई का वीडियो वाइरल हुआ था। जिसकी चौतरफा निंदा हुई थी। यहाँ तक कि कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मण्डल ने 17 जून को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन से भी मुलाक़ात कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ़ कार्यवाई की मांग की थी। वहीं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मदन बी लुकुर और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह समेत कई ज़िम्मेदार लोगों ने इसे पुलिस की छवि बिगाड़ने वाली घटना बताया था। बावजूद इसके सहारनपुर के एसएसपी आकाश तोमर और एसपी राजेश कुमार इस तथ्य को झुठलाते रहे कि यह वीडियो सहारनपुर का नही है। लेकिन बाद में जब यह साबित हो गया कि वीडियो सहारनपुर का ही है तो पीड़ितों को झूठे मामलों में जेल भेज दिया गया। 22 दिनों बाद 4 जुलाई को सभी लोगों को अदालत ने रिहा कर दिया क्योंकि पुलिस उनके खिलाफ किसी अपराध का सुबूत नहीं दे पायी।
अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन में सहारनपुर कोतवाली में पिटाई की घटना में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उचित धाराओं में जेल भेजने की मांग की तथा आपराधिक कृत्य को छुपाने अथवा नकारने का प्रयास कर दोषी पुलिसकर्मियों का बचाव करने व अपनी विभागीय ज़िम्मेदारी का निर्वहन न करने वाले एसएसपी आकाश तोमर और एसपी राजेश कुमार को तत्काल निलंबित किये जाने की मांग की तथा पूरे मामले की न्यायिक जाँच के साथ साथ पुलिस उत्पीड़न के शिकार सभी 8 निर्दोषों को 20 – 20 लाख रूपये बतौर मुआवजा दिये जाने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक ज़िला उपाध्यक्ष अबदाल अहमद, अकरम भारती विधानसभा प्रभारी सदर,वैस मदनी शहर अध्यक्ष,मोईनुद्दीन अंसारी ज़िला सचिव, वली अंसारी विधानसभा प्रभारी जैदपुर, फ़िरदौस आलम, गौरी यादव ज़िला उपाध्यक्ष, वीरेंद्र सिंह एडवोकेट, तालिब खान, रवि यादव, अनुराग यादव आदि लोग शामिल रहे।

