नशा बना हरवीर हत्याकांड की वजह, शराब पीकर गाली-गलौज से बौखलाए साथी ने गला दबाकर की थी हत्या।
मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ, बदायूं 9719216984
बदायूं। बुधवार रात हुए हरवीर हत्याकांड की वजह महज नशा बनी। नशे में धुत होकर उसने साथ में शराब पी रहे युवक से गालीगलौज और हाथापाई कर डाली। बौखलाए युवक ने उसका गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने अपने बयान में गुनाह कबूला है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ लिखापढ़ी कर रही है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के धमेई गांव का हरवीर (22) की लाश गुरुवार को थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में कादरचौक रोड पर ईंट भट्ठे के परिसर में मिली थी। उसकी बाइक चंद कदम दूर सकुशल खड़ी थी और पास में दारू की खाली बोतलें पड़ीं थीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इधर, परिजनों ने किसी से रंजिश की बात से इंकार कर दिया था। नतीजतन मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी और सर्विलांस टीम की मदद से कुछ अहम सुराग हाथ लगे। इसी आधार पर पुलिस ने धमेई गांव के रूपेश नाम के युवक को रात में हिरासत में लिया। पूछताछ में रूपेश ने कबूला कि उसने हरवीर की गला दबाकर हत्या की है। रूपेश ने पुलिस को बताया कि हरवीर के साथ वह शराब पी रहा था। नशा ज्यादा होने के कारण हरवीर अचानक गालीगलौज करने लगा। विरोध किया तो उसके पेट के नीचे हिस्से में लात मार दी। इसी बौखलाहट में उसने हरवीर की गला दबाकर हत्या कर दी। मामला आत्महत्या का लगे, इसलिए वह उसने दारू की खाली बोतलें शव के पास रख दीं।
प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है।
मुकीम अहमद अंसारी, जिला ब्यूरो चीफ, बदायूं 9719216984

