मोहम्मदपुर खाला, बाराबंकी। थाना रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत परमेश्वरपुरवा गांव में शनिवार को अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इससे एक साथ 10 छप्परनुमा आशियाने आग की लपेट में आ गए। घटना में घरों के अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि प्रेमनरायन के घर से लगी आग फैली और आसपास के कुल 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को इतना समय भी नहीं मिल पाया कि वे घर में रखे खान पान सहित अन्य सामग्री बाहर निकाल पाते। करमुल्लापुर गांव के प्रधान सुरेश यादव के मुताबिक, शनिवार सुबह गांव के लोग खेतों में काम करने गए थे। इस बीच करीब दस बजे गांव में आग लगने की घटना देखकर हड़कम्प मच गया। खेतों में काम कर रहे लोग घरों की ओर दौड़े और एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गये। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक सभी घरों में रखा घर ग्रहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जाता है कि सबसे पहले आग प्रेमनरायन के घर में लगी थी। परिवार के सदस्य किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर निकले और हो-हल्ला मचाना शुरू किया। लेकिन तबतक आग की लपटों ने अन्य घरों को भी अपने आगोश में ले लिया। भीषड़ आग से नंदकुमार, रामफल, जियालाल, बड़कन, उदनेश, रंगीलाल, रामपति, अशोक कुमार, अरविंद कुमार के छप्परनुमा घर जल कर खाक हो गए। अग्निपीड़ितों ने बताया कि घर में खान पान की सामग्री के अलावा कपड़ा, नगदी, जेवर आदि जलकर राख हो गया है। शरीर पर कपड़ो के अलावा कुछ भी नहीं बचा। आग की घटना में सभी घरों से करीब 12 लाख रुपये से भी अधिक की संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग बेकाबू हो चुकी थी। फिलहाल फायर कर्मियों व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
Related Posts

