गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार ने मुसलमानों को पांच फीसदी आरक्षण दिया है। इससे एससी, एसटी और ओबीसी का हक मारा गया है। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाइए तो मुस्लिम आरक्षण समाप्त करने का काम करेंगे। साथ ही मुस्लिम आरक्षण समाप्त करके एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण बढ़ाएंगे। जौनपुर के मड़ियाहूं में गृहमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक झूठ फैला रही है कि मोदी आएंगे तो आरक्षण हटा देंगे। देश में 10 साल से पीएम मोदी की पूर्ण बहुमत की सरकार है। हमने कभी आरक्षण हटाने का काम नहीं किया। जब तक संसद में भाजपा का एक भी सांसद रहेगा, तब तक आरक्षण को कोई हाथ नहीं लगा सकता। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर बना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में 70 साल तक अखिलेश बाबू और राहुल बाबा की सरकार रही, लेकिन वे राम मंदिर बनाने में नाकाम रहे। समाजवादी की सरकार ने राम सेवकों पर गोलियां चलवाने का काम किया। यह चुनाव राम सेवकों पर गोली चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों के बीच का है। मोदी सरकार ने राम मंदिर का केस लड़ा। सुप्रीमकोर्ट का आदेश हुआ तो निर्माण कराकर प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी। इसमें राहुल, अखिलेश, डिंपल भाभी और बहन प्रियंका को बुलाया गया तो वे नहीं गए।
Related Posts

