अमरीका में जारी तबाही के बीच ट्रम्प लाॅकडाउन को उठा सकते हैं
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि कोरोना वायरस की वजह से बंद अर्थव्यवस्था को कब खोलना है, यह उनके जीवन का सबसे बड़ा फ़ैसला होगा।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार एक प्रेस कांफ़्रेंस में अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प का कहना था कि मैं अर्थव्यवस्था को खोलने के बारे में फ़ैसला करने लगा हूं और मैं ईश्वर से दुआ करता हूं कि यह सही फ़ैसला हो क्योंकि यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा फ़ैसला होगा।
याद रहे कि जारी वर्ष नवम्बर में अमरीकी चुनाव होने वाले हैं और इसी वजह से उन्हें लॉकडाउन की वजह से बंद अर्थव्यवस्था को चलाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण फ़ैसले करने हैं क्योंकि वर्तमान स्थिति में लोग बड़े पैमाने पर देश में बेरोज़गार हुए हैं।
पिछले चुनाव में जब डोनल्ड ट्रम्प ने चुनावी अभियान चलाया था तो उन्होंने अर्थव्यवस्था को ही हथियार के रूप में प्रयोग किया था। ट्रम्प ने साथ ही सचेत भी किया कि समय से पहले प्रतिबंध समाप्त करने से हम हज़ारों ज़िंदगियों को ख़तरे में डाल सकते हैं जबकि इसकी वजह से वायरस भी और तेज़ी से फैल सकता है।
अमरीकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि उन्हें अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण फ़ैसला करना होगा।

