अमरीकी जहां भी होंगे उनका आख़िर तक पीछा करेंगे, क्षेत्र से अमरीकी सैनिकों के निकलने की शुरूआत इराक़ से होगी, ईरान
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
ईरान की इस्लामी क्रांति फ़ोर्स आईआरजीसी के नेवी प्रमुख का कहना है कि फ़ार्स खाड़ी में अमरीकी सेना के साथ हाल ही में एक घटना घटी थी, इसलिए कि चेतावनी के बावजूद अमरीकी सैनिक उस क्षेत्र में घुस आए थे, जहां सैन्य अभ्यास चल रहा था। रियर एडमिरल अलीरज़ा तंगसीरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि फ़ार्स खाज़ी और ओमान सागर में हम अमरीकी सैनिकों की हर हरकत पर नज़र रखे हुए हैं और उनका आख़िर तक पीछा करेंगे।उन्होंने कहाः वे हमारे अभ्यास क्षेत्र में घुस आए थे, जबकि हमने पहले ही घोषणा कर दी थी कि इस क्षेत्र में हम अभ्यास करने जा रहे हैं। हालांकि, उन्हें वहां से निकल जाने का आदेश दिया गया।

ग़ौरतलब है कि पिछले महीने अमरीकी सेंट्रल कमांड ने आरोप लगाया था कि आईआरजीसी की 11 स्पीड बोट्स ने अमरीकी युद्धपोतों का पीछे करके उन्हें परेशान किया था। ईरान ने पेंटागन के इस दावे को निराधार बताते हुए रद्द कर दिया था।आईआरजीसी ने अमरीका के इन आरोपों को किसी हॉलिवुड फ़िल्म की स्टोरी बताया था।रियर एडमिरल तंगसीरी का कहना है कि फ़ार्स खाड़ी को ईरान अपना घर समझता है, इसलिए वह इस क्षेत्र में कभी भी तनाव नहीं चाहता है। उन्होंने आगे कहाः लेकिन, हम किसी भी हालत में अमरीकियों को अपनी बोट्स को चेक करने या अपने अधिकारों का अपमान करने की अनुमति नहीं देंगे।तंगसीरी ने कुछ साल पहले होने वाली घटना का भी उल्लेख किया, जब एक अमरीकी युद्धपोत ने संयुक्त अरब अमीरात की एक बोट को उड़ा दिया था, जिसमें दो भारतीय नाविको की मौत हो गई थी। उन्होंने कहाः अमरीकी समुद्री नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें युद्ध अभ्यास की अनुमति क्यों दी जाए, जब भी वे चाहें?आईआरजीसी के नेवी प्रमुख का कहना था कि क्षेत्रीय देश वाशिंगटन की नकारात्मक भूमिका से अवगत हो गए हैं और क्षेत्र से अमरीकी सैनिकों के निकलने की शुरूआत इराक़ से होगी। उन्होंने कहा, हम फ़ार्स खाड़ी या स्ट्रेट ऑफ़ होरमुज़ में जहां भी अमरीकी होंगो, हम उनका पीछा करेंगे।

