चोरों ने दस लाख के जेवरात पर किया हाथ साफ

बाराबंकी। कोतवाली हैदरगढ़ अन्तर्गत बीती रात शातिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवरात व अन्य कीमती सामान चुराकर रफू चक्कर हो गये। मंगलवार सुबह जब इस घटना की जानकारी गृहस्वामी को हुई तो उसने पहले 112 नम्बर डायल कर पुलिस को सूचना दी उसके बाद कोतवाली हैदरगढ़ में जा करके अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी ने जांच पड़ताल शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पूरेकेहरन मजरे बम्भरौली निवासी अमित सिंह पुत्र स्व. राज बहादुर सिंह के घर को शातिर चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर मकान के पीछे से अन्दर जा घुसे और उसके बाद कमरों में जा करके आलमारी और बख्सो में रखे करीब दस लाख रुपये के जेवरात व अन्य कीमती सामान चुराया। चोरों ने आलमारी में लगे लाकरों का भी ताला तोड़ा व वहां पर भी रखा कीमती सामान अपने साथ ले गये। चोरो के जाने के बाद गृहस्वामी की जब नींद खुली और उसने पूरे घर का निरीक्षण किया तो देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा है ताले टूटे पड़े हैं। चोरी की सूचना मिलने पर गृहस्वामी अमित सिंह ने शोर मचाना शुरु किया गांव के सैकड़ो ग्रामीण मौके पर आ गये। सभी ग्रामीणों ने दूर दराज तक खेतों में जा करके चोरों का पता लगाने का प्रयास किया लेकिन चोरों का कहीं पता नही चला। आखिरकार थक हारकर पीड़ित गृहस्वामी ने 112 नम्बर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने निरीक्षण किया। मंगलवार सुबह पीड़ित कोतवाली हैदरगढ़ पहुंचा और अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित तहरीर दी। घटना के बारे में कोतवाली प्रभारी ओमवीर सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है चोरी की घटना सही है तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज करके चोरों की तलाश की जा रही है।

 

 

Don`t copy text!