अखिलेश यादव बोले- दो चरणों के मतदान के बाद गर्मी निकालने की धमकी देने वालों की भाप निकल गई
आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलान किया कि हमारी सरकार बनी तो जब तक सरकार रहेगी तब तक मुफ्त अनाज देंगे। जरूरत पड़ने पर सरसों का तेल भी देंगे। सेहत के लिए एक किलो घी भी देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को मार्च तक ही राशन देगी, क्योंकि आगे देने के लिए केंद्र के पास बजट ही नहीं है। अखिलेश यादव मंगलवार को यहां बैसवारा इंटर कॉलेज के मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो चरणों का चुनाव देखकर गर्मी निकालने वालों की भाप निकल गई है।उन्होंने भाजपा सरकार को पूरी तरह से फेल बताया और 2022 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय दोगुनी करने सहित तमाम मुद्दों पर प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की लहर चल रही है। रायबरेली की जनता ने भी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताकर विधानसभा भेजने की राय बना ली है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हुए मतदान से गर्मी निकालने वाले नेता व उनके समर्थक ठंडे पड़ गये हैं। जबकि दूसरे चरण में पड़े मतदान से विरोधी सुन्न पड़ गये और जब रायबरेली वोट करेगी तो बीजेपी उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से शून्य हो जाएगी। गर्मी निकालने वालों की भाप निकल गई। धुआं उड़ाने वाले नेता धुआं हो गये हैं। वह गर्मी निकालने की बात करते हैं। हम कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी तो भर्ती निकालकर नौजवानों को रोजगार देने का काम करेंगे। कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।उन्होंने कानपुर के व्यापारी की हत्या का मामला उठाते हुए कहा कि वसूली के लिए व्यापारी की पीट-पीटकर जान ले ली गई। उत्तर प्रदेश में पुलिस हिरासत में लोगों की मौत का आंकड़ा सर्वाधिक है। पंचायत चुनाव के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता की गई उनके कपड़े तक फाड़े गये। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं जिन पर इतनी धाराएं दर्ज हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने सपा की सरकार में कानून व्यवस्था और आम नागरिकों को सुरक्षा देने के इरादे से बनाई गई डायल 100 को बदलकर जब से 112 कर दिया तब से पुलिस का कबाड़ा कर दिया। डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार भी डबल हो गया।
आशिष सिंह संवाददाता की रिपोर्ट एसएम न्यूज़24टाइम्स लखनऊ उत्तर प्रदेश

