गर्मी के तेवर तीखे, दोपहर में 46 के पार निकला तापमान। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार रविवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आएगा

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

बदायूं। बुधवार को दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई, लेकिन दोपहर होने तक सूरज फिर से आग उगलने लगा। दोपहर होने के साथ तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.6 और सोमवार को 44.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार से पहले आंधी आने का अनुमान है, जिससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है।
एक पखवाड़े से आसमान से आग उगल रही है। अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आ रहा है। दोपहर के वक्त धूप झुलसाने का काम कर रही है। पिछले तीन दिन से अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। सोमवार रात तेज हवा के बाद तापमान कुछ गिरा था, लेकिन मंगलवार को फिर से सूरज ने आग उगलनी शुरू कर दी। बुधवार को दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई, लेकिन दोपहर होने के साथ ही गर्मी बढ़ गई। तीन बजे के आसपास एक बार फिर हल्के बादल छाए लेकिन फिर थोड़ी ही देर बाद धूप निकल आई। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को दो डिग्री तक तापमान बढ़ गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रविवार से पहले आंधी आने का अनुमान है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी। हालांकि इसके बाद आने वाले सप्ताह के दौरान तापमान में कुछ कमी आने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को तापमान में और भी इजाफा होगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। रविवार तक मौसम में बदलाव जरूर होगा, लेकिन अधिकतम तापमान 46 डिग्री से नीचे आने का अनुमान नहीं है। अगले सप्ताह में बारिश और बूंदाबांदी के साथ तापमान में कुछ कमी आ सकती है।
——
सोमवार से छाएंगे घने बादल, बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान
इस सप्ताह गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। सोमवार से घने बादल छाने के साथ बूंदाबांदी और बारिश का अनुमान बन रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार रविवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं आएगा। इससे पहले आंधी आने का अनुमान है। सोमवार से घने बादल भी छा सकते हैं। जून के दूसरे सप्ताह तक प्री-मानसून की बौछार भी शुरू हो सकती है।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!