दिल्ली में जामिया मिल्लिया इस्लामिया में सीएए के विरुद्ध चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की फ़ायरिंग में एक छात्र घायल हो गया।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बंदूक़धारी युवक पुलिस के सामने ही निडर होकर बंदूक दिखाता रहा और उसके बाद उसने फ़ायरिंग कर दी जिससे एक छात्र घायल हो गया।
यह घटना जामिया मिलिया इस्लामिया से लेकर राजघाट तक के मार्च के दौरान हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी युवक इस दौरान भारत माता की जय, दिल्ली पुलिस ज़िंदाबाद और वंदे मातरम के नारे लगा रहा था।
कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि गोली छात्र को नहीं बल्कि पुलिसकर्मी को लगी है। छात्र को होली फैमिली अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
जामिया फ़ायरिंग, अमित शाह का बयान, दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा

दिल्ली में पुलिसकर्मियों की ख़ामोशी के बीच जामिया मिल्लिया के छात्रों पर फ़ायरिंग की घटना पर प्रतिक्रियाओं का क्रम जारी है।
घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारत के केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज दिल्ली में जो गोली चलाने की घटना हुई है, उसपर मैंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है और उन्हें कठोर से कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि केन्द्र सरकार इस तरह की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी इसपर गंभीरता से कार्यवाही की जाएगी और दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा।
ज्ञात रहे कि दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर निकलने वाले मार्च में एक युवक ने यह लोग आज़ादी का नारा लगाकर पिस्तौल से गोली चलाई जिससे एक छात्र घायल हो गया। भारी संख्या में पुलिसबल तैनात थे किन्तु पुलिस ने उस व्यक्ति को कुछ नहीं किया और धीरे से हिरास्त में ले लिया।
जब यह घटना हुई उस समय वहां पुलिस की भारी तैनाती थी और बड़ी संख्या में मीडिया भी मौजूद था। छात्र जामिया से महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जा रहे थे। मार्च को विश्वविद्यालय के पास होली फैमिली अस्पताल के करीब रोक दिया गया। छात्र इसी क्षेत्र में बैठ गए और ‘पुलिस वापस जाओ’ के नारे लगाने लगे।

