जनपद में जल्द ही गैस पाइप लाईन से घर-घर पहुंचेगी गैस, शहर की चार कॉलोनियों में पाइप लाइन डालने का काम हुआ पूरा।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्यूज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

बदायूं। सब कुछ ठीक रहा तो अगले साल अप्रैल-मई तक शहर के लोगों को पाइपलाइन से एलपीजी की सप्लाई मिलने लगेगी। इससे गैस का खर्च न केवल आधा रह जाएगा, बल्कि गैस की बुकिंग कराने, सिलिंडर लेने जाने या फिर हॉकर के नखरे से भी छुटकारा मिल जाएगा। शहर की चार कॉलोनियों में पाइप लाइन डालने का काम पूरा हो गया है। नगर पालिका प्रशासन ने मार्च- 21 में घोषणा की थी कि घर-घर एलपीजी की आपूर्ति के लिए शहर में पाइपलाइन डलवाई जाएगी, जिसके लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने सारी प्रक्रिया के बाद इस योजना को स्वीकृति दे दी। कागजी कार्रवाई और अन्य प्रक्रिया के बाद योजना पर काम शुरू कर दिया गया। एचपीसीएल के अधिकरियों के अनुसार अब तक कृष्णा पार्क, श्रीराम नगर कॉलोनी, आवास विकास व शिवशक्ति नगर में पाइप लाइन और घरों के बाहर तक गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम पूरा हो गया है। मधुवन कॉलोनी में भी 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इसको पूरा होने के बाद जवाहरपुरी में काम शुरू किया जाएगा। बरेली में बना है जंक्शन, वहां से मिलेगी गैस:- कंपनी की तरफ से शहर के लोगों को गैस मुहैया कराने के लिए बरेली में जंक्शन बनाया गया है। वहां से गैस की सप्लाई पाइप के माध्यम से की जाएगी। बरेली से आंवला होते हुए बदायूं के लिए गैस की पाइप लाइन डाली गई है जो शहर में नवादा तक पहुंच गई है।

शुरुआत में देने होंगे 1354 रुपये:- शहर में पाइप के जरिए जो गैस घरों तक दी जाएगी, उसके लिए प्रति कनेक्शन 6054 रुपये लिए जाएंगे। हालांकि पहली किस्त के रूप केवल 1354 रुपये ही लिए जाएंगे। उसके बाद में गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। उसके बाद में जितनी गैस का उपभोग किया जाएगा, उस यूनिट के हिसाब से बिल जाएगा। इसके अलावा शेष राशि इन बिलों में समायोजित करके ली जाएगी। सिलिंडर से सस्ती पड़ेगी यह गैस:- अब तक लोगों द्वारा सिलिंडर के माध्यम से एलपीजी (लिक्विड पेट्रोलियम गैस ) का उपयोग किया जा रहा है जबकि एचपीसीएल द्वारा पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) गैस मुहैया कराई जाएगी। अब तक उपभोक्ता को साढ़े 14 किलो का सिलिंडर 1070 से 1100 रुपये का पड़ता है। इसके अनुसार गैस करीब 80 रुपये प्रति किलो मिलती है जबकि पाइप के जरिये यही गैस 38 रुपये प्रति किलो के हिसाब से पड़ेगी।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्यूज24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

Don`t copy text!