जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई।
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
बाराबंकी: कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा संरक्षण समिति, साॅलिड वेस्ट प्लास्टिक ई-वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट और कन्स्ट्रंशन की बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान जमुरिया नाला के शुद्धिकरण हेतु बायो मिडिएशन/ फायटोरेमिडिएशन कार्य की प्रगति, जन जागरूकता गोष्ठी, घाघरा नदी, गोमती नदी, कल्याणी नदी एवं रेठ नदी के घाटों को पर्यटन के रूप में विकसित किये जाने हेतु चर्चा की गई। बैठक में अधिशाषी अभियंता जल निगम द्वारा बताया गया कि बायोरेमेडिएशन और फायटर मिडिएशन विधि से जल शोधन का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जमुरिया नाले पर विकसित किये गए जल शोधन तंत्र में बारिश में मौसम पानी के ओवरफ्लो होने के कारण जलभराव होने कि स्थिति को रोकने हेतु सर्वे कराकर सम्बन्धित कार्यवाही कराई जाएगी।
बैठक के दौरान जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन ने बताया कि नदियों में फैलने वाले प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद में 1200 गंगा मित्र/पर्यावरण मित्र चिन्हित किये गये है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गंगा मित्रों को खण्ड विकास स्तर पर मास्टर ट्रेनर की सहायता से नदियों के किनारे स्थित ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण कार्य कराया जाए एवं प्रशिक्षण कार्य कराने हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं की भी सहायता प्राप्त की जाये। उन्होंने कहा कि गंगा मित्रों/पर्यावरण मित्रों को प्रोत्साहित किया जाये, जिससे की नदियों के संरक्षण हेतु काम कर सके तथा नदियों में आर्गेनिक अपशिष्ट, मिट्टी की मूर्ति, फल फूल, हवन सामग्री, शव की राख इत्यादि का विसर्जन बंद हो सके।
बैठक के दौरान बताया गया कि पौराणिक महत्व रखने वाले 121 घाटों को चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिन्हित घाटों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का कार्य खण्ड विकास अधिकारी की सहायता से मनरेगा में आवंटित बजट के माध्यम से कराया जाए। जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि नदियों में प्रदूषण रोकने हेतु नदियों के किनारे पर अन्त्येष्टि स्थलों का निर्माण कार्य भी कराया जाए, जिससे शव को नदियों में बहने से रोका जा सके।
साॅलिड वेस्ट प्लास्टिक ई-वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट और कन्स्ट्रंशन की बैठक के अन्तर्गत बताया गया कि नगर पंचायत सुबेहा व रामसनेहीघाट में एमआरएफ केन्द्र का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने जिले में संचालित निजी चिकित्सालयों/क्लीनिकों द्वारा बारकोड लगाये जाने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला सूचना अधिकारी, अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर निकाय सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

