कोरोना से संक्रमित तेल बाज़ार की हालत गंभीर, रिकॉर्ड 15 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गए दाम
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
विश्व में कच्चे तेल की मांग में भारी कमी और भंडारणों के भर जाने की वजह से तेल की क़ीमतों में पिछले दो दशकों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है।
कोविड-19 महामारी के कारण अधिकांश देशों में लॉकडाउन जारी है, जिसकी वजह से तेल के दाम रिकार्ड 15 डॉलर प्रति बैरल तक गिर गए हैं।
इसके अलावा, अधिकांश देशों में तेल के भंडार छलक रहे हैं और उनके पास इससे अधिक तेल स्टोर करने की क्षमता नहीं है।
वास्तव में स्थिति इतनी ख़राब है कि सरकारें तेल का उत्पादन रोकने के लिए तेल उत्पादकों को भुगतान करने पर भी विचार कर रही हैं।
इसी बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने घरेलू कच्चे तेल की आपूर्ति में 19 मिलियन बैरल की वृद्धि दर्ज की थी।
ओपेक भी इस बीमार उद्योग के लिए कोई नुस्ख़ा नहीं खोज पा रहा है। जबकि ओपेक और उसके वैश्विक साझेदार 9.7 मिलियन बैरल प्रति दिन की कटौती करने पर सहमत हो गए हैं, लेकिन बाज़ार स्पष्ट रूप से यह संकेत दे रहा है कि यह कटौती पर्याप्त नहीं है।
वंदना इनसाइट्स की संस्थापक वंदना हरी तेल बाज़ार की विशेषज्ञ हैं। उनका मानना है कि मौजूदा क़ीमतों से पता चलता है कि ओपेक+ द्वारा की गई कटौती सिर्फ़ एक शोर-शराबा साबित हुई। तेल के दामों का दारो मदार वायरस की दया पर निर्भर है। जब तक अमरीका में लॉकडाउन नहीं उठाया जाता है क़ीमत इससे भी नीचे गिर सकती है या इसी रेंज में बनी रहेगी।

