सहसवान, बदायूं। नगर पालिका परिषद् द्वारा स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के तहत दुसरे दिन शुक्रवार को भी नगर पालिका के मैदान में एक विशेष श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “स्वच्छोत्सव” सफाई पखवाड़ा (17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर आधारित रहा।

इस मौके पर अधिशासी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम प्रतिदिन केवल एक घंटा स्वच्छता को दें तो हमारा नगर और भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बन सकता है।
प्रभारी सफाई निरीक्षक अब्दुल फरीद खां ने सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया और सभी से अपील की कि नालियों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में सहयोग करें।
स्वच्छता अभियान में नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि वे न केवल अपने घर और मोहल्ले को स्वच्छ रखेंगे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से यह शपथ ली कि—
हम सभी प्रतिदिन स्वच्छता के लिए समय निकालेंगे, अपने आस-पास साफ-सफाई रखेंगे और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

