भाजपा सरकार पर जमकर बरसे बसपा प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर

बाराबंकी। बहुजन समाज पार्टी कुर्सी विधानसभा के फतेहपुर में एक दिवसीय पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता मुख्य संयोजक विश्वनाथ पाल ने की। जबकि कार्यक्रम का संचालन मुख्य सेक्टर प्रभारी अयोध्या मंडल अजय गौतम ने किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर के जनपद आगमन पर सफेदाबाद, पटेल तिराहा, चंदौली, बिशुनपुर मे फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के आयोजक विधानसभा के प्रभारी जैसीराम वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर को चुनाव चिन्ह हाथी का प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत और सम्मान किया। प्रशिक्षण शिविर में आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की जनता शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार के लिए भटक रही है। भाजपा की पूंजीवादी सोच ने डीजल, पेट्रोल गैस के मूल्यों में की गई बेतहाशा मूल्य वृद्धि के कारण मध्यमवर्गीय आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है, चंद पूंजीपतियों के घरानों को मालामाल करने के लिए महंगाई का भार देश व प्रदेश की जनता पर थोपने का काम किया है। उन्होने आगे कहा कि सरकारी उपक्रमों को बेच करके प्राइवेट सेक्टर मे देकर लाखों लोगों को बेरोजगार करके उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या पैदा करने का काम किया है, आज प्रदेश गुंडे माफियाओं अराजक तत्वों के हवाले हैं पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। विशेष रुप से अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, धार्मिक अल्पसंख्यक एवं गरीब सामान्य वर्गों पर जुर्म शोषण, अत्याचार, हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती जैसे जघन्य मामलों की बाढ़ सी आ गई है। बाराबंकी में भी जिला प्रशासन भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के दबाव में अनुमति देने में आनाकानी कर के कार्यक्रम को रोकने की साजिश की थी। लेकिन कार्यक्रम में उमड़े बसपा के विशाल जनसमूह के सामने प्रशासन को घुटने टेक कर के कार्यक्रम की अनुमति देनी पड़ी। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने से बहुजन समाज के लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। श्री राजभर ने कहा कि देश व प्रदेश की सरकार सबसे ज्यादा आबादी वाले पिछड़े समाज एवं सूची जातियों के सहयोग से बीजेपी ने केंद्र व प्रदेश में सरकार बनाई है लेकिन जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़े समाज के साथ-साथ सर्व समाज के लोगों के साथ धोखा देने का काम किया है। इस मौके पर सर्वेंद्र अंबेडकर, राम गोपाल कोरी, मोहम्मद असद, विमल गौतम, जिला अध्यक्ष अनिल गौतम, राजेंद्र गौतम, बीएल गौतम सैकड़ो बसपाई मौजूद रहे।

Don`t copy text!