गांधीवादी पराम्परा के साधक थे कृपलानी और मौलाना आजाद : राजनाथ
एसएम न्यूज़24टाइम्स जिला ब्यूरो के साथ सुहेल अंसारी संवाददाता की रिपोर्ट नगर बाराबंकी 8081991270
बाराबंकी। आचार्य जे.बी. कृपलानी और मौलाना आजाद गांधीवादी पराम्परा के साधक थे। वह दोनों स्वतंत्रता सेनानी अजीवन महात्मा गांधी के अनुयायी रहे। दोनों विभूतियों ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई लड़ी और उनके सभी आन्दोलनों में जेल गये। दोनों शख्सियतें आजादी के पूर्व दो-दो बार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। जिन्होंने स्वतंत्रता आन्दोलन और उसके बाद देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह बात गांधी भवन में आचार्य जे.बी. कृपलानी और मौलाना आजाद की 133वीं जयन्ती पर गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट द्वारा आयोजित व्याख्यानमाला की अध्यक्षता कर रहे गांधीवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने कही। इस मौके पर भारतीय इतिहास के दोनों विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्री शर्मा ने बताया कि आचार्य कृपलानी सबसे पहले चम्पारण सत्याग्रह के दौरान गांधी के संपर्क में आए थे। वहीं से वह गांधी परम्परा के वाहक बने। भारत आजादी के बाद वह सोशलिस्ट पार्टी के संसद सदस्य निर्वाचित हुए। मौलाना आजाद ने महात्मा गांधी के विचारों का समर्थन करते हुए भारत विभाजन का विरोध किया। वहीं आचार्य जे.बी कृपलानी ने असहयोग आन्दोलन के दौरान गांधी आश्रम की स्थापना करके आम आदमी को स्वदेशी आन्दोलन से जोड़ा। समाजसेवी जमील उर रहमान ने कहा कि भारत के विभाजन के समय भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष जेबी कृपलानी थे। मौलाना आजाद ने भारत विभाजन का विरोध ही नहीं किया बल्कि हिंदुस्तान के मुसलमानों को हिदायत दी कि वह अपने मुल्क की मिट्टी को छोड़कर ना जाएं। मौलाना आजाद स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री रहे। जिन्होंने आईआईटी, आईआईएम सहित नेहरू के प्रधानमंत्रित्व काल की अनेक विश्वस्तरीय शिक्षण संस्थानों की नींव डालने में महत्त्व योगदान दिया था। संगोष्ठी में प्रमुख रूप से जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश दीक्षित, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष कौशल किशोर त्रिपाठी, सलाउद्दीन किदवई, मृत्युंजय शर्मा, वेद प्रकाश यादव, विनय कुमार सिंह, कलाधर यादव, अशोक जायसवाल, अनंत पाण्डेय संजय सिंह, पाटेश्वरी प्रसाद, मनीष सिंह, मनीष खेतान, कामता वर्मा, अनिल यादव, प्रद्युम्न कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
एसएम न्यूज़24टाइम्स जिला ब्यूरो के साथ सुहेल अंसारी संवाददाता की रिपोर्ट नगर बाराबंकी 8081991270

