बेटे ने थाने के मुंशी पर लगाया आरोप, नही बढ़ाई खेत में आग लगाने की धारा।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स ) सहसवान- बदायूं 9719216984

बदायूं। एसएसपी कार्यालय में किसान के आत्मदाह करने के मामले में सिविल लाइंस थाने का एक मुंशी आरोपों में घिर गया है। किसान के बेटे ने उस पर खेत में आग लगाने की धारा न बढ़ाने, आरोपियों की मदद करने और उनसे रिश्वत लेने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर पर एसएसपी ने मामले की जांच शुरू करा दी है। मामला 18 मई का है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी किसान किशनपाल ने एसएसपी कार्यालय में पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। उसे बचाने के चक्कर में एसएसपी का गनर भी झुलस गया था। पुलिस ने जैसे-तैसे आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे तुरंत बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।
इस मामले में एसएसपी ने इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी समेत पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित किया था, साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। तब आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ। इससे पहले सिविल लाइंस पुलिस दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर चुकी थी लेकिन किसान की ओर से खेत में आग लगाने की धारा नहीं बढ़ाई थी। इधर, विवेचना एसआईटी को भी सौंप दी गई थी।

बृहस्पतिवार को किसान का बेटा अमरजीत एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उसने एसएसपी को बताया कि सिविल लाइंस थाने के मुंशी ने उसके मामले में आरोपियों की भरपूर मदद की है। जब वह घायल होकर थाने पहुंचे थे, तब मुंशी ने ही उनके साथ पुलिस नहीं भेजी। उनका मेडिकल तक नहीं कराया। मजलूमी चिट्ठी देने में भी हीलाहवाली की। उसने आरोपियों से रिश्वत ली थी। जब उन्होंने खेत में आग लगाने की धारा बढ़ाने की मांग की, तब इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने भी मुंशी से कह दिया था कि इनकी ओर से मामले में आग लगाने की धारा बढ़ा दें लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। उसने मुंशी के खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर एसएसपी ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। किसान के बेटे अमरजीत ने बताया कि उसके परिवार को जिला प्रशासन सहयोग नहीं कर रहा है। उसके पिता की मौत के बाद कई वायदे किए थे। उससे कहा था कि उसके नाम एक पट्टा किया जाएगा लेकिन अब तक पट्टा नहीं दिया गया है। हालांकि पुलिस उसका पूरा सहयोग कर रही है। अधिकारी कार्रवाई का पूरा भरोसा दे रहे हैं।

बृहस्पतिवार को किसान का बेटा एसएसपी कार्यालय आया था। उसकी ओर से तहरीर दी गई है, जिस पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। उसने थाने के मुंशी पर आरोप लगाए हैं। इसी क्रम में कार्रवाई हो रही है।
– प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स ) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!