सी.बी गुप्ता ने हमेशा समाज के हितार्थ ही की राजनीति: राजनाथ शर्मा

मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

बाराबंकी(एसएम न्युज24टाइम्स)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री चन्द्रभानु गुप्त की 120वीं जयन्ती पर गुरूवार को नगर के देवा रोड स्थित गांधी भवन में स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चंद्रभानु गुप्त से जुड़ी स्मृतियों को याद करते हुए गांधीवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने कई संस्मरण सुनाए। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय चंद्रभानु गुप्ता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ही नहीं बल्कि कांग्रेस के दिग्गज नेता भी थे। उन्होंने कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के गठन में अहम भूमिका निभाई। जिसके वह संस्थापक सदस्य भी रहे। राष्ट्रीय आंदोलनों में उन्हें कई बार जेल जाना पड़ा। वह लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय से प्रथम बैच के उत्तीर्ण छात्र रहे। आजादी के बाद उनकी बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें उत्तर प्रदेश का तीन बार मुख्यमंत्री बनाया। सामाजिक सरोकार और हितकारी कार्यों में उनका कोई सानी नहीं था। श्री शर्मा ने कहा कि सी.बी गुप्ता ने हमेशा समाज के हितार्थ ही राजनीति की। वह परिवारवाद के सख्त विरोधी थे। उन्होंने लखनऊ को संवारने का ऐतिहासिक कार्य किया। लखनऊ में जब भी बाढ़ आती वह नाव से पूरे शहर का भ्रमण करते और जीवन उपयोगी वस्तुओं का वितरण अपने हाथों से करते। श्री शर्मा ने कहा कि चंद्रभानु गुप्त उच्च पद पर होने के बावजूद सादगी से जीवन जीते थे। उन्होंने हमेशा मूल्यों की राजनीति की। काकोरी कांड के शहीदों का मुकदमा युवा अधिवक्ता के रूप में स्व. चंद्रभानु गुप्त ने ही लड़ा। इस मौके पर प्रमुख रूप से कांग्रेस नेता शिवशंकर शुक्ला, समाजसेवी अशोक शुक्ला, बाबू जमील उर्रहमान, विनय कुमार सिंह, पाटेश्वरी प्रसाद, मृत्युंजय शर्मा, विजय कुमार सिंह, मो. अदीब, साकेत मौर्या, रंजय शर्मा, आज़म जैदी आदि लोग मौजूद रहे।

मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

 

Don`t copy text!