पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर अपराधी, नगदी बरामद अपर पुलिस अधीक्षक ने किया चोरी की कई घटनाओं का खुलासा
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। कोतवाली देवा के प्रभारी निरीक्षक और स्वाट टीम प्रभारी ने संयुक्त रुप से छापा मारकर दो शातिर अपराधियों को धर दबोचा और उनके पास से दो अवैध असलहे व चोरी के मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में नकदी बरामद की। प्रभारी निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज करके दोनो अपराधियों को जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने इस गुडवर्क से खुश होकर पुलिस टीम को बधाई दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्वाट टीम प्रभारी अजय कुमार सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी अंकित त्रिपाठी और कोतवाली देवा प्रभारी पंकज कुमार सिंह व विशुनपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने छापा मारकर जनपद श्रावस्ती के थाना मल्हीपुर के ग्राम परसौना निवासी प्रेम कुमार पुत्र पहलवान दास वर्मा व इसी गांव के अवधेश कुमार गुप्ता पुत्र कामला प्रसाद को गिरफ्तार कर उनके पास से दो अवैध असलहे, चोरी के 12 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गये अपराधियों का शातिर गिरोह है इन लोगों का मुख्य काम चोरी करना है पहले यह लोग दुकानों की रैकी करते हैं और उसके बाद घटना को अंजाम देते हैं। उन्होने बताया कि इन अपराधियों ने बीती 19/20 नवम्बर की रात्रि को जनपद लखनऊ के थाना कैंट में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था वहीं बीती 21 नवम्बर की रात्रि को कोतवाली देवा के कुर्सी तिराहे पर स्थित मेडिकल स्टोर, जनसेवा केन्द्र और राशन की दुकान का शटर तोड़कर मोबाइल फोन रुपये व अन्य सामान चुराये थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि इन चोरों ने गत् दिनों देवा फतेहपुर मार्ग सालेहनगर रोड के किनारे स्थित टायर की दुकान से पुराने टायरों की चोरी की थी व इन्ही शातिर चोरों ने श्रावस्ती जनपद के थाना मल्हीपुर के बाजार जमुन्हा में भी दुकानों का ताला तोड़कर हजारो रुपये की नकदी व सामान चुराया था अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन चोरों ने इन घटनाओं को अंजाम देने की बात भी कबूल किया है।
तीन शातिर चोरों से लाखो रुपये व जेवरात बरामद
बाराबंकी। कोतवाली प्रभारी नगर ने मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 लाख 36 हजार रुपये नकद, चोरी के जेवरात, मोबाइल फोन व मार्फीन बरामद की। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कोतवाली प्रभारी नगर संजय कुमार मौर्य ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर सफेदाबाद हाइवे ओवरब्रिज के पास से शातिर अपराधी थाना जहांगीराबाद के ग्राम अजीमनगर निवासी शाकिर पुत्र मुबारक अली कोतवाली नगर के मोहल्ला नाला पीरबटावन निवासी चांद बाबू पुत्र गुलाम दस्तगीर व थाना जहांगीराबाद के ग्राम फैज्जुल्लागंज निवासी जावेद अहमद पुत्र जुबेर अहमद को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 लाख 36 हजार 600 रुपये नकद, 475 ग्राम मार्फीन, एक ऑटो वाहन व लाखो रुपये के चोरी के जेवरात बरामद किये। प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने बताया कि शाकिर के ऊपर कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं में सात मुकदमें पंजीकृत हैं जबकि चांद बाबू के ऊपर कोतवाली नगर व थाना मोहम्मदपुरखाला में लगभग 10 मुकदमें पंजीकृत हैं। वहीं जावेद के विरुद्ध भी कोतवाली नगर, थाना कुर्सी, थाना बड्डूपुर व थाना मोहम्मदपुरखाला में 7 मुकदमें पंजीकृत हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन शातिर चोरों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्जनों चोरों की घटनाओं को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद सभी शातिर चोर आटो में बैठकर नेपाल बार्डर पर निकल गये थे और वहीं पर सारा पैसा खत्म कर दिया था। कोतवाली प्रभारी ने मुकदमा पंजीकृत कर तीनो शातिर चोरों को जेल भेज दिया।मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

