मसौली, बाराबंकी। ग्राम पंचायत में विकास कार्यो की अनियमितता और कार्य को पूर्ण कराये बिना पैसा निकालने का आरोप लगाते हुए आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच उपरांत कार्यवाही की गुहार लगाई है। मामला विकास खण्ड मसौली की ग्राम पंचायत गुरेला का है जहां ग्रामवासी शिवकैलाश, विजय कुमार, मनोज कुमार यादव, अखिलेश, राजेश, अशोक, मुकेश, मोहम्मद रफी आदि द्वारा हस्ताक्षर युक्त शिकायती पत्र में कहा है कि ग्रामसभा में अधिकांश शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण नही है। जबकि कार्यो को पूर्ण दिखा कर ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। हमारी ग्रामसभा को पूर्व में लोहिया की उपाधि से नवाजा जा चुका है जिसमें शौचालयों का निर्माण भी कराया गया था।उन्ही शौचालयों को तोड़कर पुनः शौचालयों का निर्माण किया गया है। जिसमें पहले पति या पुत्र के नाम आवंटित किए गए थे। अब उसी शौचालय को घर की महिलाओं के नाम करके लाभान्वित दिखा दिया गया है। गांव में जाबकार्ड धारकों को मनरेगा के तहत काम देने के बजाय ठेकेदारी प्रथा के तहत अन्य ग्रामसभा बासा के लेबरो को लगाकर कार्य कराया जाता है और पैसा गांव में श्रमिकों के जाबकार्ड से निकाला जाता है। ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत गौशाला के निर्माण कार्य में जेसीबी का प्रयोग किया गया। इसके अलावा बासा के लेबर तौफीक, हसनैन, जाबिर, कलीम, शैदू, जहीर आदि को लगाकर 28 अप्रैल से कार्य कराया जा रहा है। सिसवारा में तालाब निर्माण कार्य कराया गया है वह अभी आधा अधूरा ही पडा है लेकिन पैसा पूरा निकाला गया है। उक्त मामलों की जांच के लिए ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र लिखकर जांच उपरांत कार्यवाही की गुहार लगायी है।
मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता मसौली बाराबंकी।

