गंगा दशहरा:- स्नान कल, भागीरथ घाट पर जुटेंगे लाखों श्रद्धालु।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
जाम से निबटने के लिए गंगा घाट से दूर चार अलग अलग अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।
बदायूं । कछला गंगा दशहरा स्नान पर्व पर लाखों की संख्या में संभावित श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना के चलते प्रशासन ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। जाम से निबटने के लिए गंगा घाट से दूर चार अलग अलग अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। ट्रैक्टर ट्रालियों के अलावा कारों और बसों के लिए अलग अलग पार्किंग में रोका जाएगा। बरेली मथुरा हाइवे पर भारी वाहनों के आने जाने पर रोक रहेगी। कासगंज, मथुरा अलीगढ़ एटा जाने वाले वाहनों को वाया मुजरिया सहसवान और कादरगंज पुल से होकर निकाला जायेगा। गंगा घाट पर एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर व नायब तहसीलदार गंगा दशहरा वाले दिन नौ जून को कैंप कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। गंगा दशहरा का मुख्य स्नान पर्व 9 जून को है।
गंगा दशहरा स्नान पर्व के उपलक्ष्य में कछला के भागीरथ घाट पर आस पास के जनपदों के अलावा दूरदराज मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, अलीगढ़, शिकोहाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी के साथ मध्यप्रदेश, राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने निजी वाहनों व बसों ट्रेनों से पहुंचेगें। वहीं इलाके भर के लोग ट्रैक्टर ट्रालियों से गंगा स्नान को पहुंचते हैं। कछला में शासन की ओर से काई पुख्ता इंतजाम नहीं है। न तो पक्का स्नान घाट है न पार्किंग की कोई स्थाई व्यवस्था और न ही चौड़ी सड़के इसलिए लोकल प्रशासन को गंगा दशाहरा जैसे स्नान पर्वों पर अस्थाई व्यवस्था जुटानें में नाकों चने चबाने पड़ते हैं।
गंगा में कराई गई बैरीकेडिंग, नजर रखेगी पुलिस
गंगा दशहरा स्नान पर्व पर कोई डूबने जैसा हादसा न हो इसके लिए पुलिस व नगर पंचायत प्रशासन की ओर से बैरीकेडिंग कराकर खतरे के संकेत बोर्ड लगा दिए गए हैं। वहीं गंगा के उत्तरी व दक्षिणी दोनों घाटों पर बैरीकेडिंग पर हादसा रोकने के लिए नाव लगाकर पुलिस गोताखोरों के साथ निगरानी करेगी। वहीं स्नान घाटों पर उठाईगीरी रोकने के लिए पुलिस की टीम सादा कपड़ों में भी तैनात रह कर उच्चकों पर नजर रखेगी।
हाइवे पर पुलिस पिकेट करायेगी रूट डायवर्जन का पालन
गंगा दशहरा पर जाम से निपटने के लिए पुलिस पिकेट उझानी में अंबेडकर बाईपास, मंडी तिराहा बाईपास और वितरोई तिराहा मोड़ पर कासगंज, अलीगढ़ मथुरा की ओर जाने वाले वाहनों को रोकेगी। कासगंज अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को उझानी से सहसवान होकर निकाला जायेगा। वहीं एटा आगरा जाने वाले वाहनों को नौशेरा मोड़ से कादरगंज पुल से होकर निकाला जाएगा। गंगा दशहरा पर्व पर 8 जून को आधी रात से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जायेगा।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

