नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगे।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

भारतीय पर्यावरण एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान लखनऊ में नौकरी दिलाने के बहाने पांच लाख रूपये ठगे थे। पुलिस ने आरोपी ठग पप्पू के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदम दर्ज किया। आरोपी ठग की तलाश जारी,

उझानी। नगर निवासी अंबुज शर्मा, उसके भाई अमित और उसके रिश्तेदार कासगंज के सत्येदव से भारतीय पर्यावरण एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थान लखनऊ में नौकरी दिलाने के बहाने पांच लाख रुपये ठग लिए गए। ठग कोई और नहीं, बल्कि उन्हीं का करीबी था, जिसने पोल खुलने के डर से उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। ठगी के छह साल बाद भी पीड़ितों को रकम नहीं लौटाई गई तो मामला पुलिस में पहुंच गया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

नझियाई मोहल्ले में कश्यप पुलिया के पास के निवासी सुनील दत्त शर्मा के बेरोजगार बेटे अंबुज और अमित को 2017 में उस वक्त ठगी का शिकार बनाया गया, जब दोनों नौकरी के लिए परेशान थे। बकौल अंबुज, उसके परिवार के करीबी कमल शर्मा उर्फ पप्पू कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौलिया में रहता है। पप्पू ने दोनों को भारतीय पर्यावरण एवं स्वास्थ्य सेवा संगठन लखनऊ में फील्ड की नौकरी दिलाने की बात कही। दोनों से यह भी कहा गया कि अगर कोई और भी नौकरी करने का इच्छुक हो तो प्रति युवक दो लाख रुपये दिला दो। इसके बाद अंबुज ने अमित और कासगंज में सहावर थाना क्षेत्र के गांव इतवारपुर जहांगीरपुर निवासी सत्यदेव के पांच लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि तीनों युवकों से फील्ड में काम भी कराया गया। तीन महीने बाद उनका पंजाब नेशनल बैंक में खाता भी खुलवा दिया गया। दो साल तक उनके खाते में वेतन नहीं आया तो शक होने पर वह संस्थान के लखनऊ कार्यालय पहुंचे। वहां उसके नाम का कोई कर्मचारी नहीं होने की बात सामने आई तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने पप्पू की दो-तीन बार घेराबंदी भी की लेकिन वह हत्थे नहीं आया। बाद में उसे एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से रकम लौटा देने की कहकर 1.25 लाख रुपये का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके बाद अंबुज ने चाचा उपेंद्र शर्मा के साथ पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने पप्पू के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!