हैदरगढ़, बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय युवक अपना की बीती रात सिर पर ताबड़तोड़ कई राउंड गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई। वहीं उधारी की खातिर उक्त युवक की नृशंस हत्या की बात सामने आई है। शनिवार सुबह लहूलुहान हालत में मिले शव के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। उक्त घटना लोनीकटरा थाना व शिवगढ़ थाना जनपद रायबरेली के बॉर्डर पर स्थित पूरे देवीदास मजरे मंझूपुर गांव की है। ग्रामीणों द्वारा सूचना पाकर पहुंची मुकामी पुलिस ने शव की शिनाख्त करने के बाद पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार रायबरेली जनपद के थाना शिवगढ़ क्षेत्र के बहुदा कला मजरे बहुदा खुर्द निवासी वेद प्रकाश वर्मा उर्फ बाबू पुत्र संतराम बीती देर शाम गांव के ही दिलीप रावत के फोन पर बुलाने पर उनके घर पर गए हुए थे। लेकिन ज्यादा रात बीतने पर जब वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोज शुरू की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शनिवार सुबह करीब 8 बजे उनको जानकारी मिली कि वेद प्रकाश का शव लोनी कटरा थाना क्षेत्र के पुरे देवीदास मजरे मंझूपुर गांव के बाहर एक खेत में पड़ा हुआ है। फिर क्या था घर वाले आनन-फानन में वहां पहुंच गए और वेद प्रकाश का शव लहूलुहान हालत में देखकर स्तब्ध रह गए। तत्काल इसकी सूचना लोनीकटरा पुलिस को दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ व प्रभारी निरीक्षक नित्यानंद सिंह अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी पुलिस अधिकारियों ने घटना का बारीकी से निरीक्षण कर परिजनों से आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पंचनामा भरकर लाश पीएम के लिए बाराबंकी भेज दिया। वही दिलीप रावत को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया। परिजनों के मुताबिक दिलीप और वेद प्रकाश के बीच पैसों का लेनदेन था। दिलीप रावत व मृतक के बीच रुपयों का लेनदेन कितना था इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है वहीं पुलिस दिलीप रावत को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।
सैफ़ अली संवाददाता थाना हैदरगढ़ की रिपोर्टर

