गंगा में डूबकर दो और युवकों की मौत, एक लापता। गंगा दशहरा पर स्नान करते समय डूबे, 3 घंटे बाद मिले शव।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूं। गंगा डूबकर दो लोगों की मौत हो गई। दोनों अटैना गंगाघाट पर डूबे, जबकि कछला घाट पर स्नान करते वक्त डूबा युवक लापता है। इन हादसों से परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना घाट पर बदायूं के कस्बा अलापुर निवासी रामकिशोर (23) पुत्र सियाराम स्नान को गया था। वहां नहाते वक्त गहरे पानी में जाकर वह डूब गया। इसके अलावा फर्रुखाबाद के थाना कंपिल इलाके के गांव गढ़िया नगला खुमारी निवासी बॉबी (15) पुत्र हेम सिंह भी स्नान के वक्त गंगा में डूब गया। पास में नहा रहे श्रद्धालुओं के शोर मचाने पर वहां मौजूद गोताखोरों ने गंगा में जाकर दोनों की तलाश शुरू कर दी।गोताखोरों की टोली लगभग तीन घंटे तक दोनों की तलाश में जुटी रही। इसके बाद दोनों के शव मिले। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर परिजनों को इसकी सूचना भेज दी।
एसएचओ उसहैत अवधेश सेंगर ने बताया कि परिजनों के आने पर शवों के पंचायतनामे की प्रक्रिया होगी। परिजन चाहेंगे तो शवों के पोस्टमार्टम कराए जाएंगे। उधर, उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला गंगाघाट पर स्नान करते वक्त चार लोग डूब गए। इनमें तीन को गोताखोरों ने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन एक युवक का कोई पता नहीं लग सका है। युवक कहां का है, इसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

