ग्रामीण ने अपने यहां लाइट लगवाने को कहा तो BJP MLA बोले- कसम खाओ कि तुमने मुझे ही वोट दिया है
संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट एसएम न्युज24 टाइम्स 8564852662
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में बीजेपी विधायक एक फरियादी से यह कह रहे हैं कि तुम बेटे की कसम खाकर बोले कि चुनाव में मुझे ही वोट दिए हो. इस दौरान फरियादी बेटे की कसम खाते हुए कहता है कि मैंने आपको ही वोट दिया है. दरअसल, ये वीडियो मीरानपुर कटरा क्षेत्र से बीजेपी विधायक वीर विक्रम सिंह का है. वीडियो में एक ग्रामीण उनसे अपने यहां एक लाइट लगवाने के लिए गुहार लगा रहा है. इसी दौरान विधायक विक्रम सिंह कसम खाने की बात कहते हुए सुनाई दे रहे हैं.
वीडियो के मुताबिक, बीजेपी विधायक हाल में संपन्न वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र में अपने विकास कार्यों का जिक्र कर रहे थे. तभी एक ग्रामीण उनसे अपने यहां लाइट लगवाने की बात कहने लगता है. उसकी बात पर विधायक ने कहा कि तुम गंगा की तरफ हाथ करके या अपने लड़के की कसम खाकर कहो कि तुमने हमें वोट दिया है. यदि कसम खाते हो तो हम आज ही तुम्हारे घर पर लाइट लगवा देंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि अपेक्षा उससे की जाती है जिसे आप कुछ दो.
वहीं, इसके बाद जब ग्रामीण ने कहा कि वह तो सिर्फ लाइट लगाने के लिए फरियाद कर रहा है. इसके बाद विधायक ने कहा कि फरियाद उसी से किया जाता है जिसे तुमने कुछ दिया है. यदि तुमने मुझे वोट दिया होता तो तुम्हारा मेरी छाती पर चढ़ने का अधिकार होता. आप हमें बेवकूफ बनाने का प्रयास न करो. हमारे पिता 4 बार विधायक रहे. इसके बाद विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि हम विधायक ऐसे ही नहीं बने हैं. हमे सब मालूम है कि किस बूथ पर किसने हमें वोट दिया है और किसने नहीं दिया है. विधायक वीर विक्रम सिंह ने इस बारे में बताया कि ग्रामीण उन पर अपने घर में लाइट लगवाने का दबाव बना रहा था. उस लाइट की कीमत 10 लाख रुपए है. ऐसे में सरकार की योजना के तहत यह लाइट सार्वजनिक स्थानों पर ही लगाई जाती है.

